कोरिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 8 नवंबर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर शहर के मध्य से गुजरी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 का चौड़ीकरण का कार्य कोरोना संक्रमण की शुरूआत के पूर्व शुरू किया था, लेकिन कोरोना संक्रमण की गति अब कम हो जाने के बाद भी सडक़ चौड़ीकरण का कार्य की शुरूआत नहीं शुरू हो पाया है।
जानकारी के अनुसार पूर्व में इस सडक़ के दोनों ओर निर्धारित दूरी तक मार्किंग भी कर ली गयी थी। सडक़ के दोनों ओर की दूरी नाप कर जद में आने वाले मकानों दुकानों में लाल निशान भी लगा दिये गये थे।
शहर में लगातार यातायात का दबाव बन रहा है। ऐसे में शहर के मध्य से निकली एनएच 43 का चौड़ीकरण कार्य कराया जाना बहुत आवश्यक है। अभी शहर के मध्य से होकर यात्री बसें चलती है तथा कई भारी वाहन भी चलते रहते हैं, जिसके कारण शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में आये दिन जाम की स्थिति बनती रहती है। बिलासपुर मार्ग से आने वाली बड़ी लोडेड वाहन भी शहर से होकर गुजरती है। वहीं मुख्य मार्ग से भी कई बडी वाहन आवाजाही करते है वही शहर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे कि भविष्य की परेशानियों को देखते हुए वर्तमान में ही सडक़ चौड़ीकरण को अमलीजामा पहनाये जाने की जरूरत है।