दन्तेवाड़ा

फुलपाड़ में सडक़ निर्माण लटकाया, कलेक्टर ने कार्य किया रद्द
22-Nov-2022 6:22 PM
फुलपाड़ में सडक़ निर्माण लटकाया, कलेक्टर ने कार्य किया रद्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 22 नवम्बर। जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ कार्यों को चिन्हित कर लापरवाह ठेकेदारों पर कार्यवाही की जा रही है। जिससे ठेकेदारों में हडक़ंप मच गया है।

कलेक्टर विनीत नंदनवार ने जिला कार्यालय में समस्त विभागों की समय सीमा समीक्षा बैठक ली।

कलेक्टर ने धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई और कहा कि नियम-शर्तों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों का अनुबंध निरस्त किया जाए।

कलेक्टर ने अनुबंध के मुताबिक निर्माण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा नियमों में समय पर काम नहीं करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान ठेकेदार रामशरण सिंह जिनके द्वारा जिला दंतेवाड़ा के पालनार-फूलपाड़-जूनापारा मार्ग लंबाई 4.50 किलोमीटर का पुल-पुलिया निर्माण कार्य समयावधि में कार्य नहीं करने पर कार्य निरस्त किया गया। बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को मैदानी क्षेत्र में भ्रमण कर जिले में नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, आश्रम, छात्रावासों और स्कूलों इत्यादि सेवाओं की जांच परख करने हेतु मैदानी भ्रमण करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी में गड़बड़ी न हो

कलेक्टर ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने धान की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंड अनुसार धान खरीदी करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी के कार्य में गड़बड़ी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कलेक्टर ने काटे गए टोकन और खरीदी किये गए धान की भी जानकारी ली।

कलेक्टर ने ग्राम विकास योजना अनुसार कार्ययोजना बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में हर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए आदर्श ग्राम बनाने की बात कही। जहाँ ग्रामों का सर्वांगीण विकास हो और शासन की समस्त योजनाओं का क्रियान्वयन से लोग लाभान्वित हो। उन्होंने आदर्श ग्राम बनाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने धन्वंतरि जेनरिक मेडिकल स्टोर की जानकारी लेते वहां जेनेरिक दवा की उपलब्धता एवं एमआरपी पर डिस्काउंट की जानकारी ली। जिले में बांस प्लांटेशन करने के भी निर्देश दिए। जिससे बांस उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। बैठक में वनमण्डलाधिकारी जाधव सागर रामचन्द्र, जिला पंचायत सीईओ ललितादित्य नीलम, अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे, एसडीएम कुमार बिश्वरंजन और संयुक्त कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर प्रमुुुख रूप से मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news