धमतरी

कलेक्टर ने की धान खरीदी, गोधन न्याय योजना की समीक्षा
धमतरी, 23 नवंबर। कलेक्टर पीएस एल्मा ने मंगलवार को जिला स्तर के अफसरों की समीक्षा बैठक ली। धान खरीदी, गोधन न्याय योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। जिले में 1 नवंबर से अब तक 31313 किसानों से 9 लाख 24 हजार 790 क्विंटल धान की खरीदी हो गई। चालू खरीफ साल में 204 मिलर्स ने पंजीयन कराया है। इनमें 112 अरवा और 92 उसना राइस मिलर्स हैं। 157 मिलर्स को 13 लाख 86 हजार 640 क्विंटल धान उठाने डीओ जारी हो गया।
धमतरी के खरीदी केंद्रों से 4 लाख 51 हजार 640 क्विंटल धान उठाव किया है। बालोद, गरियाबंद, कांकेर, राजनांदगांव, महासमुंद, मोहला-मानपुर, खैरागढ़ सहित धमतरी जि़ले से अब तक कुल 7 लाख 23 हजार 880 क्विंटल धान का उठाव मिलर्स ने किया है। कस्टम मिलिंग के तहत मिलर्स द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम में 1450 क्विंटल चावल जमा किया गया है, जबकि 23 नवंबर से एफसीआई में भी चावल जमा होना शुरू होगा।
341 गौठानों में 4.49 लाख क्विंटल गोबर खरीदी
उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने बताया कि जिले में 341 गौठान हैं, जिनमें 333 ग्रामीण क्षेत्रों में और 8 शहरी इलाकों में स्थित है। गौठानों में अब तक 4 लाख 49 हजार 975 क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। इसमें से 78 हजार 549 क्विंटल वर्मी खाद तैयार हो गया। उत्पादित खाद में से 61 हजार 488 क्विंटल वर्मी खाद बेची जा चुकी है।
शिकायत समय पर निपटाने निर्देश
सुबह 11 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक शुरू हुई। कलेक्टर ने घर-घर अभियान के तहत सभी अनुभाग में पटवारियों को सभी हितग्राहियों से मुलाकात करने और राजस्व प्रकरणों के निराकरण करने कहा। धमतरी, कुरूद व नगरी एसडीएम को इसकी निगरानी करने चेताया। कृषि से संबंधित हितग्राहियों से भेंट कर कृषि उपयोगी सलाह, उनकी समस्या और कृषि मामलों को निराकरण करेंगे। बैठक में कलेक्टर ने समय सीमा के विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। अधिकारियों को समय पर निराकरण करने कहा। बैठक में जिपं सीईओ प्रियंका महोबिया, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित जि़ला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
स्वान की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ब्लॉक स्तरीय के अधिकारी जुड़े थे।