महासमुन्द

भाजयुमो के कार्यक्रम में नजर आईं निष्कासित पार्षद
24-Nov-2022 4:27 PM
भाजयुमो के कार्यक्रम में नजर आईं निष्कासित पार्षद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 नवंबर।
नगरपालिका महासमुंद के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष की कुर्सी गिराने और पार्टी विरुद्ध कार्यों में सम्मिलित होने के कारण भाजपा से 6 सालों के लिए निष्कासित पार्षद मीना वर्मा कल युवा मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल हुईं तो स्थानीय नेतृत्व करने वाली नेतृत्व में बवाल मच गया। 

मालूम हो कि भाजपा ने मीना वर्मा समेत कुल 8 पार्षदों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 6 सालों के लिए निष्कासित कर दिया था। 

कल जिला मुख्यालय में भाजपा के स्थानीय नेतृत्व में एक कार्यक्रम आहुत था जिसमें मीना वर्मा शामिल हुईं। पार्टी से निलंबित होने के कारण उनके शामिल होने को लेकर बवाल शुरू हो गया। भाजपा के कार्यकर्ता अंदर ही अंदर मीना वर्मा की गतिविधियों को लेकर एक दूसरे से इसकी शिकायत कर रहे हैं। हालांकि अब यह मामला पार्टी के जिला स्तर के नेताओं तक पहुंच चुका है। स्थानीय नेतृत्व को जिम्मेदार बताते हुए पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने इस बात को गलत ठहराया है और इसकी शिकायत प्रदेश आलाकमान से करने की बात कही है।

मामला यह है कि बुधवार की शाम भाजपा युवा मोर्चा ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर झूठे व बेबुनियाद आरोप लगाने की बात को लेकर शहर के बरौंडा चौक में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम रखा। कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के साथ ही महासमुंद शहर मंडल व महिला मोर्चा की कार्यकर्ताएं भी शामिल हुए। 

पुतला दहन के इस कार्यक्रम में भाजपा से निष्कासित शहर की वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद मीना वर्मा भी शामिल रही। मीना वर्मा के पुतला दहन कार्यक्रम में आने को लेकर कार्यक्रम स्थल पर ही कार्यकर्ताओं में कानाफूसी शुरू हो गई जो अब स्थानीय पार्टी नेतृत्व में बवाल मचा रही है। 

मीना वर्मा के पुतला दहन कार्यक्रम में आने की बात को लेकर महासमुंद नगर पालिका के पूर्व भाजपा अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ से कहा कि पार्टी विरुद्ध कार्य करने की बात को लेकर नगर पालिका क्षेत्र के 8 भाजपा पार्षदों को 6 साल के लिए निष्काषित किया है। किसी भी पार्षद की पार्टी में वापसी नहीं हुई है। बावजूद इसके उन्हें कार्यक्रम में शामिल किया जा रहा है, तो यह गलत है। पार्टी के स्थानीय नेता इसके जवाबदार हैं, उन्हें जवाब देना होगा। प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि इन बातों को लेकर वे प्रदेश आला कमान को भी अवगत कराएंगे और इसकी शिकायत करेंगे।

वहीं इस मसले को लेकर महासमुंद भाजपा जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी का कहना है कि अभी तक उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वैसे मीना को किसी ने बुलाया नहीं होगा। वह अपने से आई होंगी। इस बात की समीक्षा पार्टी की बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे। पार्टी के किीस भी कार्यकर्ता को यदि इससे आपत्ति है, और वो इस बात की शिकायत करते हैं, तो उस पर भी संज्ञान लिया जाएगा और प्रदेश आलाकमान को इससे अवगत कराया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news