महासमुन्द

जिला निर्माण संघर्ष समिति ने सीएम के नाम सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 नवंबर। विकासखंड स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर शासकीय हाई स्कूल किसड़ी में रखा गया जिसमें आम जन नागरिकों द्वारा प्राप्त विभिन्न आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। जिन आवेदनों का निराकरण नहीं हो पाया, उन्हें उच्च अधिकारियों को भेजा गया। विभिन्न आवेदनों में से एक आवेदन में जिला निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली ने मुख्यमंत्री के नाम से सरायपाली को जिला बनाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया है।
इस आवेदन में सरायपाली को जिला बनने हेतु उपलब्ध भौगोलिक तथा प्रशासनिक संसाधनों का वर्णन किया गया है। साथ ही विभिन्न समाजों और संगठनों के द्वारा सरायपाली को जिला बनाने के लिए लिखे गए समर्थन पत्र की प्रति भी संलग्न किया गया है। ज्ञात हो कि पिछले 30 वर्षों से जब महासमुंद को जिला बनाया गया था। उसके पूर्व से ही सरायपाली को जिला बनाने की मांग उठ रही थी। यह मांग अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। लिहाजा विभिन्न मंचों द्वारा सरायपाली को जिला बनाने के लिए कई बार मांग पत्र दिया जा रहा है।
इससे पहले सरायपाली को जिला बनाने की मांग पर धरना प्रदर्शन भी किया गया है। जिला निर्माण संघर्ष समिति के विभिन्न सदस्यों तथा पदाधिकारियों ने पुन: आवेदन देकर अपनी इस मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का एक और प्रयास किया है। आवेदन देने वालों में संघर्ष समिति के जयदेव भोई, टिकेश्वर मिश्रा, अनिता चौधरी, किशोर रथ, प्रिया नायक, रेखा पुरोहित, सरोज साहू, सत्यभामा साहू, लक्ष्मी बाई, नेहरू लाल चौधरी, बंटू साहू एवं अन्य सदस्य शामिल हैं।