रायपुर

विश्वासपूर्ण प्रेम से कामना पूरी होती है-राज्यपाल
03-Dec-2022 7:01 PM
विश्वासपूर्ण प्रेम से कामना पूरी होती है-राज्यपाल

उइके, अनुकूल चन्द्र के 135वें जन्म महोत्सव में हुईं शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 दिसंबर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ठाकुर अनुकूलचन्द्र जी के 135 वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। राज्यपाल ने सर्वप्रथम ठाकुरजी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके समस्त अनुयायियों की मंगलकामना की। इस दौरान उनके अनुयायियों ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया।

राज्यपाल सुश्री उइके ने जीवन संघर्ष साझा करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्वों के सानिध्य से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं और उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव भी बताए। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोग सत्संग से जुड़े हैं। जब हम ईश्वर के सदृश मानकर किसी के प्रति आस्था रखते हैं तो यह विश्वासपूर्ण प्रेम से लोगों की कामना पूरी होती है।

राज्यपाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ठाकुर जी ने मानव सेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के भलाई के लिए निरंतर कार्य किए। पृथ्वी के समस्त जीवों का कल्याण उनका सर्वोच्च स्वार्थ और मनुष्य के निर्मल प्रेम को पाना ही उनकी परम प्राप्ति रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सांस्कृतिक मूल्यों का पतन, अनियमित दिनचर्या व जीवनशैली और केवल भौतिक सुख की इच्छा, मानव समाज के समक्ष एक बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है। आज मनुष्य अपने अंर्तद्वंद्व से जूझ रहे हैं और व्याकुल हैं, वे शांति, समृद्धि और सुख की तलाश में जीवन के सद्मार्ग से भटकते जा रहे हैं। ऐसे समय में हमें ठाकुर जी द्वारा दिखाए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।

राज्यपाल ने इस अवसर पर चिकित्सकों द्वारा किये जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने देश-प्रदेश में कोविड के दौरान चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी सराहा। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सकों से ठाकुर जी के सद्मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि श्री अनुकूल चन्द्र ठाकुर जी द्वारा झारखण्ड के देवघर में सत्संग आश्रम आज देश-विदेश में फैले उनके अनुयायियों की आस्था का प्रमुख केन्द्र बन गया है। लोगों को उनके आदर्शों पर चलकर एक समतामूलक समाज के निर्माण मे अपना योगदान देना चाहिए।

इस कार्यक्रम के अवसर पर पूर्व सांसद परशुराम मांझी, श्री नीमय रॉय, सबीता सुन्दर तालुकदार, श्री मानस मिश्रा, श्री राधाकृष्णा लाल, श्री अजय कुमार बेहरा, श्री जगई चन्द्रदास एवं श्री ठाकुर अनुकूलचन्द्र जी के अनुयायीगण उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news