कोण्डागांव

कलेक्टर ने आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण
04-Dec-2022 10:57 PM
कलेक्टर ने आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण

कोण्डागांव, 4 दिसंबर। कलेक्टर दीपक सोनी ने शनिवार को नगर के महात्मा गांधी वार्ड में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं व सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 7वीं के बच्चों से गणित के सवाल पूछे और हल करने को कहा। वहीं 17 का पहाड़ा मुखाग्र सुनाने पर छात्रा रश्मि की हौसला अफजाई की।

इसके साथ ही कक्षा 8वीं के बच्चों से जल संरक्षण के बारे में पूछा और कहा कि, भविष्य की नितांत आवश्यकता के मद्देनजर वर्तमान में जल संरक्षण व जल संवर्धन जरूरी है। डबरी, तालाब निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, वहीं हेण्डपम्प और अन्य जल स़्त्रोतों के समीप सोख्ता गड्ढा बनाने से भू-जल स्तर को बढ़ाने में मद्द मिलती है। घर पर बर्तन धोन व कपड़े धोने के अनुपयोगी पानी को बाड़ी से जोडक़र साग-सब्जी उत्पादन के लिए सदुपयोग कर सकते हैं। इस ओर घर परिवार के सदस्यों को भी अवगत करवा कर उन्हें पहल करने के लिए बतायें। कलेक्टर ने बच्चों की पढ़ाई की रूचि के बारे में भी जानकारी ली और उन्हे मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की समझाईश दी। 

कलेक्टर सोनी ने इस दौरान उक्त स्कूल परिसर में अतिरिक्त कक्ष, लाईब्रेरी व प्रयोगशाला निर्माण का निरीक्षण किया और उक्त कार्य को 31 जनवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के समीप कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय में भी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली और कक्ष मरम्मत और शौचालय मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

 इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवलाल मण्डावी सहित एसडीएम चित्रकांत ठाकुर, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान महेन्द्र पाण्डे, परियोजना अधिकारी साक्षरता अभियान वेणु गोपाल राव और अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news