सरगुजा

सिंहदेव से मांगा इस्तीफा, पुतला जलाया, काले झंडे भी दिखाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 दिसंबर। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 4 नवजात बच्चों की मौत से आक्रोशित भाजपाइयों ने अस्पताल चौक पर स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही एवं कुप्रबंधन का आरोप लगाते जमकर नारे लगाए एवं विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपाइयों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बेरीकेट को तोड़ते हुए अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव हेलीकॉप्टर से पीजी कॉलेज ग्राउंड उतरे और जैसे ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रवेश किया। भाजपाई जमकर नारेबाजी करने लगे।
अस्पताल का निरीक्षण करने उपरांत मंत्री सिंहदेव बाहर निकले तो भाजपाइयों ने उन्हें काला झंडा दिखाये और उनका पुतला भी दहन कर दिया। भाजपाइयों का विरोध देख मंत्री टी एससिंह देव उनके बीच पहुंच गए और कहा कि जांच चल रही है, जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कार्रवाई होगी।
जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की लापरवाही से 4 नवजात बच्चों की मौत का आरोप लगाते स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की गई है और कहा गया है कि नवजात बच्चों की मौत ऑक्सीजन की कमी एवं अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से हुई है, इसलिए सीएमएचओ, डीन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए तथा राज्य के लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के जिम्मेदार राज्य के स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव को बर्खास्त कर घटना की निष्पक्ष न्यायिक जांच की जाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था का खामियाजा अब नवजात शिशु भी भुगत रहे हैं, स्वास्थ्य विभाग को संभालने में असफल स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री इस बात की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह,ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता,त्रिलोक कपूर कुशवाहा, अभिषेक शर्मा,आलोक दुबे,मधुसूदन शुक्ला,मंजूषा भगत,मधु चौदाहा,शुभांगी बिहाडे,रूपेश दुबे,रमेश जायसवाल,रामप्रवेश पांडे,सर्वेश तिवारी,वीरेंद्र बघेल, दीपक सिंह तोमर,कृष्ण शर्मा बल्लू,संजय सोनी,राजेंद्र जायसवाल,हरमिंदर सिंह,कैलाश मिश्रा,मनोज सोनी, दिनेश शुक्ला, ज्योति चौरसिया प्रियंका चौबे, संजू वर्मा, वेदांत तिवारी शरद सिन्हा, शोलु सिह, बीर सोनी, शुभम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।