रायगढ़
यातायात नियमों का पालन करने किया जागरूक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 दिसंबर। एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स द्वारा कल संयुक्त रूप से शहर में यातायात जागरूकता रैली निकाल कर शहरवासियों को यातायात जागरूकता वाले बैनर, पोस्टर, स्लोगन और पर्चे वितरण कर सडक़ दुर्घटना से बचाव के नियमों का पालन करने प्रेरित किया गया।
सोमवार की सुबह यातायात थाने के सामने कैडेट यातायात नियमों का पालन करने की शपथ लेकर यातायात पुलिसकर्मियों के साथ शहर में रैली निकाली, जो गौशाला, हंडी चौक, सुभाष चैक, गांधी प्रतिमा के बाद एसपी ऑफिस पहुंचा।
उसके बाद कैडेट्स शहर के अलग-अलग यातायात पाइंट पर पहुंचे, जहां यातायात पुलिसकर्मी के साथ राहगीरों को सदैव सडक़ के बाई ओर चलने एवं दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन ना चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी।
यातायात पॉइंट पर कैडेट्स को यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा सडक़ सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों को बताया गया और संकेतों के बारे में जानकारी देकर उनसे अभ्यास कराया गया। यातायात डीएसपी दीपक मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षित एवं अनुशासित कैडेट्स को त्यौहार एवं विशेष कार्यक्रम के समय शहर में यातायात जवानों के साथ वॉलिंटियर के रूप में लिया जाएगा, पहले भी ऐसे अवसर पर कैडेट्स ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई है।
यातायात जागरूकता रैली में कैडेट्स के बढ़-चढक़र भाग लेने के लिये उनकी प्रशंसा की।