राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 दिसंबर। ठाकुरटोला पटवारी हल्का नंबर 17 राजस्व निरीक्षक मंडल बेलगांव के प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना हेतु बीमा पोर्टल खोलने पर ठाकुरटोला राजस्व निरीक्षक मंडल लाल बहादुर नगर के नाम से खुलता है। जिसके कारण इस क्षेत्र के हजारों कृषक फसल बीमा से वंचित हो गए हैं।
डोंगरगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जैन मेश्राम ने बताया कि विगत 5 माह से उक्त त्रुटि के संबंध में राजस्व विभाग को शिकायत की गई है, परंतु आज दिनांक तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके कारण हजारों किसान फसल बीमा से वंचित हैं।
इस संबंध में गुरुवार को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव एवं जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल के नेतृत्व में डोंगरगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जैन कुमार मेश्राम ने किसानों के साथ कलेक्टर के नाम पर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और तत्काल ही बीमा पोर्टल में सुधार करने का आव्हान किया गया। इस अवसर पर रमेशदास मानिकपुरी, हरीशचंद्र वर्मा, पूनम वर्मा, बलिराम, दिनेश वर्मा, भुनेश्वर वर्मा, छबीलराम वर्मा, रेवाराम, ओमलाल वर्मा, मेहतर, संपत वर्मा, सुखदेव, कृष्णा वर्मा, भगवा राम, मनोहर, जितेंद्र, मुन्ना भाई, मनोज भाई, उत्तम दास, देवलाल वर्मा एवं दादूराम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।