कांकेर

गुम 127 मोबाइल को ढूंढकर पुलिस ने मालिकों को सौंपा
30-Dec-2022 9:52 PM
गुम 127 मोबाइल को ढूंढकर पुलिस ने मालिकों को सौंपा

मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण मिले तो उसे उपयोग न करें- एसपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर,  30 दिसंबर। साइबर सेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर की सक्रियता से 127 गुम हुए मोबाईल को मालिकों को आज वापस लौटाया गया।

 कांकेर जिले के विभिन्न थाना/चौकियों एवं सायबर सेल कांकेर में मोबाईल गुम होने की लिखित सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक कांकेर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में सायबर सेल के गुम मोबाईल को तलाश करने का अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सायबर सेल द्वारा सतत् प्रयास कर 127 नग मोबाईल ट्रेस किया गया। जिसमें 27 नग मोबाईल चालू हालत में होने से आवेदन प्राप्त होते ही तत्काल लोकेशन लेकर बरामद किया गया एवं प्रार्थी को सुपुर्द किया गया।

इसी क्रम में 100 मोबाईल को अनावेदक से बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई है। जिसे आज 30 दिसंबर को मोबाईल धारक जिनका मोबाइल गुम हो गया था, उन्हें वापस किया गया। उपरोक्त मोबाईल की कीमत लगभग 14 लाख 64 हजार रूपये है।

पुलिस अधीक्षक श्री सिन्हा ने मोबाईल प्राप्तकर्ता को भविष्य में संभालकर रखने समझाईश दी। साथ ही जनता से अपील की गई कि कहीं भी गिरा हुआ मोबाईल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले तो उसे उपयोग नही करें । उसे उसी हालत में सायबर सेल कांकेर या नजदीकी पुलिस थाना में जमा कर ईमानदार भारतीय नागरिक होने का परिचय देवें। इसके साथ-साथ सायबर क्राईम, बैंक फ्राड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी के संबंध में अवगत कराकर जागरूक रहने सलाह दी गई।

पुलिस ने जानकारी दी कि वर्ष 2021-2022 में अब तक सायबर सेल द्वारा मोबाईल गुमने व बरामद होने की जो जानकारी दी वह इस प्रकार है- 03. सितंबर 2021 को 70 मोबाइल कीमत आठ लाख , 30 जनवरी 2022 को 112 मोबाईल कीमत 12 लाख 62 हजार रूपए और 30 दिसंबर 2022  को 127 मोबाईल लागत 14 लाख10 हजार रूपए का कुल 309 मोबाईल कीमत 35 लाख 26 हजार का मोबाईल बरामद कर उनके धारकों को सुपुर्द किया गया।

आज थाना चारामा में 2 मोबाईल चोरी के प्रकरण दर्ज किया गया है। आईएमईआई नंबर के द्वारा ट्रेस किया जा रहा है।     वर्ष 2022 में सायबर सेल द्वारा आनलाईन फ्राड के 55 प्रकरणों में संदिग्ध खाता धारक के बैंक खाता को फ्रिज करवाकर 8,51,163 रू.को होल्ड कराया गया है। उक्त रकम प्रार्थी के खाते वापस जमा कराने हेतु कार्यवाही की जा रही है।

सायबर सेल कांकेर द्वारा वर्ष 2022 में समस्त थाना ,चौकियों में दर्ज अपराध, गुम इंसान, आन लाईन फ्राड के प्रकरण में महत्वपूर्ण सहयोग किया जा रहा है।वर्ष 2022 में पुरूष गुम इंसान के 28 प्रकरण एवं महिला गुम इंसान के 40 प्रकरण कुल 68 प्रकरण सायबर सेल द्वारा ट्रेस कर थाना,चौकी में दस्तयाबी हेतु सहयोग किया गया है।

वर्ष 2022 में नाबालिग बालक, बालिका अपहरण के प्रकरण में दर्ज अपराध में कुल 46 अपराध में नाबालिग बालक, बालिका को मोबाईल के जरिये ट्रेस कर सुरक्षित उनके परिवारों को सौंपा गया।

साथ ही प्रकरण आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लिया गया। 


अन्य पोस्ट