दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 जनवरी। दंतेवाड़ा में पुलिस की विशेष पहल घर वापसी अभियान अंतर्गत बुधवार को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के समक्ष जनताना सरकार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने आत्मसमर्पण किया। दोनों पर ईनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक मलांगीर एरिया कमेटी अंतर्गत अरनपुर थाना के तहत् रेवाली और पोरदेम पंचायत जनताना सरकार अध्यक्ष देवा नुप्पो (32 वर्ष) ने आत्मसमर्पण किया। देवा अरनपुर थाना के रेवाली गांव का निवासी है। उक्त नक्सली लीडर विभिन्न वारदातों में भागीदार था। इसके फलस्वरूप राज्य शासन द्वारा इसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
कटेकल्याण एरिया कमेटी अंतर्गत आयतू कोवासी (46 वर्ष) ने भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आयतू गादम पंचायत जनताना सरकार उपाध्यक्ष के तौर पर नक्सली संगठन में सक्रिय था। कटेकल्याण थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गादम का निवासी है। वह पंचायत सरकार जनताना सरकार उपाध्यक्ष के तौर पर सक्रिय था। आयतू आदवाल राजापारा का निवासी है। इस नक्सली लीडर के खिलाफ थाने में नामजद अपराध पंजीबद्ध है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों नक्सलियों पर 10-10 हजार का ईनाम घोषित किया गया था।
उल्लेखनीय है कि घर वापस आइए अभियान अंतर्गत 580 नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पण जा चुका है, इनमें से 146 ईनामी नक्सली है।