दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 16 जनवरी। शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सैकड़ों स्वयं सेवकों ने राष्ट्रभक्ति का भाव और देश समाज के लिये कुछ कर गुजरने के विचार भाव से हाथों में दंड लिये पूर्ण गणवेश व घोषदल के साथ जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में भव्य पथ संचलन किया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा प्रतिवर्ष पथ संचलन, तथा बौद्विक कार्यक्रम जिला मुख्यालय में आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मकर सक्रांति के अवसर पर शनिवार को स्वयं सेवक संघ द्वारा पथ संचलन/एकत्रिकरन कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय में किया गया।
संचलन की शुरूआत नगर के मेंढका डोबरा मैदान से सायं 3 बजे सैकड़ों स्वयं सेवकों की उपस्थिति में र्पूण गणवेश एवं घोष दल के साथ किया। संचलन पूर्व मैदान में सैकड़ों स्वयंसेवकों की उपस्थिति में ध्वज लगाया गया एवं संघ प्रार्थना की गई। तदोपरांत भगवा ध्वज हाथों में लिए पूरे अनुशासन के साथ तीन-तीन लाइन की कतार में नगर में पथ संचलन किया गया। इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर मातृशक्तियों द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों की लंबी कतारबद्ध लाइन देखते ही बनती थी। पथ संचलन में हमेशा की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में बाल स्वयंसेवकों की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही।
नगर भ्रमण कर पथ संचलन हाईस्कूल मैदान पहुंचा। जहां अखड भारत की तस्वीर व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम पंत हेडगेवार एवं संघ के द्वितीय सरसंघ चालक माधव सदाशिवराव गोलवरकर (गुरूजी) के छायाचित्र पर पुष्पहार चढ़ाकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर भगवा ध्वज के समक्ष प्रार्थना की गई। तपश्चात संपत किया गया। उसके पश्चात , सुभाषित, अमृत वचन, एकल गीत हुआ। पश्चात कार्यक्रम के मुय वक्ता व संघ के क्षेत्रीय प्रचारक प्रमुख शिवराम जी समदरिया के द्वारा उद्बोधन दिया गया।
उन्होंने संघ स्थापना पर प्रकाश डालते कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का 2025 में 100वां वर्ष (शताब्दी वर्ष)पूर्ण होने जा रहा है यह हम समस्त स्वयं सेवकों के लिए गौरव का क्षण होगा। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष तक प्रत्येक गांव में शाखा हो इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। समाज के सभी वर्गो को साथ लेकर समाज के लिए कार्य करना ही स्वयंसेवकों का गुणधर्म है।
अंत में कहा कि विश्व शांति के लिए भारत का शक्ति संपन्न होना आवश्यक है। निश्चित तौर पर भारत विश्वगुरू बनकर समूचे विश्व का नेतृत्व करेगा।
पथ संचलन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष माहरा समाज के जिला अध्यक्ष अमित नागेश ने कहा कि स्वयं सेवकों का अनुशासन ही संगठन की पहचान है। श्री नागेश ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्रभक्ति की भावना होना अति आवश्यक है क्योंकि हम सबके लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि है।
विभाग के संघ चालक जीतेंद्र सिंह भदौरिया एवं जिला संघचालक मायादीन गुप्ता भी मंचस्थ रहे। कार्यक्रम की उक्त जानकारी जिला कार्यवाह द्वारा दी गई।