महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जनवरी। झलप क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान करने तथा ग्रामीणों से सामंजस्य बनाकर ग्राम विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने गांव गुहार बइठका का आगाज गत दिनों झलप से किया गया। जिसमें युवा, पुरुष, महिलाओं व बुजुर्गों ने भाग लिया। कार्यक्रम के नेतृत्वकर्ता युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव व नगर पालिका सभापति निखिलकांत साहू ने चौपाल लगाकर गांव गुहार बइठका के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान ग्राम झलप सहित ग्राम नयापारा, जोरातराई, उल्बा, भटगांव, सिंघनपुर, रामपुर, छिंदौली, रायतुम, सिंधौरी, बावनकेरा, अमोरा, सिंघनपुर, नरतोरा, ढांक, कुरुभांठा, जामपाली, लखनपुर, तुरेंगा, पचरी, गोड़पाली से लगभग डेढ़ हजार लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बुजुर्ग महिला पुरवा बाई, अगरा बाई व सावित्री दीवान ने छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शाहबाज राजवानी ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताया। नेतृत्वकर्ता प्रदेश महासचिव युकां निखिलकांत साहू ने अपने संबोधन में कहा कि गांव गुहार बइठका का शुभारंभ झलप से हो रहा है। हर बच्चे को जैसे अपने ननिहाल से लगाव रहता है, उसी तरह मुझे झलप क्षेत्र से प्यार व लगाव है। भावी पीढ़ी के भविष्य सुधार हेतु आज के परिवेश में गांव गुहार बइठका की अत्यंत आवश्यकता है। यह पहला आयोजन है, जो क्षेत्र के युवाओं की भागीदारी से हो रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्या सुनना तथा समाधान करना है।
निखिलकांत साहू ने बारी-बारी से ग्रामीणों की समस्या सुनी। ग्रामीणों ने आवास, पेयजल, शराब की अवैध बिक्री, विधवा पेंशन, निराश्रित पेंशन आदि से संबंधित अनेक समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
गांव गुहार बइठका में पहुंचे ग्राम कछारडीह पंचायत के पंच महेंद्र ने उल्बा.कोलपदर में बांध बनाने में सहयोग की मांग की। कार्यक्रम में जिला युकां अध्यक्ष बादल मक्कड़, जिलाध्यक्ष शहबाज राजवानी, विधान सभा युकां अध्यक्ष सौरभ लोधी, मेंढी साहू, निहाल सोनकर, भटगांव उपसरपंच सेवकराम साहू, पूर्व सरपंच हेमलता चौहान, पूर्व सरपंच रमन सिंह ठाकुर, रफीक रजा, निहाल सोनकर, ओम साहू, सुभाष चौहान, सोनू कन्नौजे, निलेस कुर्रे, सुबित कुर्रे, सुभम ठाकुर, आबिद खान, भुनेश्वर विश्वकर्मा, अरुण चौहान, दामू साहू, वैभव मिश्रा, कान्हा प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।