गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 29 जनवरी। हरिहर शासकीय उत्कृष्ठ विद्यालय में मुख्य अतिथि विधायक धनेन्द्र साहू ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धनराज मध्यानी, विशिष्ट अतिथि अशोक गोलछा, संतोष विश्वास, राजा चावला, विशेष अतिथि सेवानिवृत्त व्याख्याता एनके साहू, सेवादल अध्यक्ष बीरबल राजपूत, शाला प्रबंधन समिति एवं ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा थे।
विधायक धनेन्द्र साहू ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हम सभी के अंदर नई ऊर्जा का संचार करती हैं। हम सभी सौभाग्यशाली है कि भारत हमारा देश है। यहाँ की भूमि एक पवित्र भूमि है। यह भूमि वीर जवानों व संत महात्माओं की भूमि है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को पर्व की बधाई देते हुए युवाओ को देशसेवा के लिए प्रेरित भी किया।
पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी ने गणतंत्र दिवस की बधाई प्रेषित करते हुए उनकी टीम द्वारा नगर के अंदर किये गए अब तक के कार्यों का जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उनको नगर पालिका अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी उन पर खरा उतरने का प्रयास जारी है। नगर में विकास के कार्य तेज गति से जारी है।
आमलोगों की मूलभुत सुविधाओं का ध्यान रखते हुए सडक़, नाली, पानी की उचित व्यस्था की जा रही है। आगे भी यह विकास चक्र रुकेगा नही। उन्होंने मंच से अभनपुर विधायक धनेन्द्र साहू सहित अपने टीम के सभी सदस्यों का आभार जताया। वहीं संस्था प्राचार्य संध्या शर्मा ने विद्यालय प्रतिवेदन पढ़ा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।