रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के सौजन्य से छत्तीसगढ़ के 18500 स्थानों पर भाजपा के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आम जनता ने उत्साह पूर्वक गंभीरता से सुना। मोदी जी ने पद्म पुरस्कारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिन लोगों को पद्म पुरस्कार मिले हैं, वे सभी हमारे बीच के आम लोग हैं, जो राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ समाज उत्थान और देश के विकास में उत्तम भागीदारी कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में काम करने वालों को भी पद्म पुरस्कार मिले हैं। छत्तीसगढ़ के कांकेर जैसे नक्सल प्रभावित इलाके में काष्ठ कला के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहे अजय मंडावी को पद्म पुरस्कार के लिए चुना गया। संगीत के क्षेत्र में उन विभूतियों को पद्म पुरस्कार से विभूषित किया गया, जो भारतीय वाद्य यंत्रों से भारतीय कला संस्कृति की साधना कर रहे हैं। देश के विभिन्न प्रांतों के जनजातीय समाज सहित विभिन्न समुदायों के राष्ट्र सेवियों, समाजसेवियों को पद्म पुरस्कार मिलने से देश के लोग प्रसन्न हैं। गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ निर्माण के श्रमिकों को अग्रिम पंक्ति में बैठा देख देश भर से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुझे पत्र भेजे गए हैं।
मन की बात कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक जगदीश रोहरा ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने बिलासपुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रेवाडीह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर, सांसद सुश्री सरोज पांडे ने दुर्ग शहर, पूर्वमंत्री रामविचार नेताम ने प्रतापपुर, प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता पूर्वमंत्री अजय चंद्राकर ने रायपुर शहर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेण्डी ने सूना।
महिलाओं को कैंसर की दवा मुफ्त
रायपुर। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की महिलाओं के लिए केंद्र सरकार ने सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध कराने का फैसला किया है। प्रदेश को सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन अप्रैल माह से 9 वर्ष से लेकर 14 वर्ष तक की बच्चियों को लगने की शुरुआत केंद्र सरकार द्वारा किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश में भी यह वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध कराई गई है।
राजपूत ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश के चुनिंदा राज्यों में छत्तीसगढ़ को भी शामिल कर लिया है इसके लिए राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी भी शुरू कर दी है इस वैक्सीन से महिलाओं को जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाने में मदद मिलेगी।