महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जनवरी। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में हिंदी विभाग द्वारा बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अनुसुइया अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्र म की शुरुआत की। मुख्य अतिथि ने सूर्यकांत त्रिपाठी निराला के जन्मोत्सव, व्यक्तित्व एवं कृतित्व, श्री राम की शक्ति पूजा व सरोज स्मृति पर सारगर्भित प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही विभागाध्यक्ष हिंदी डॉ.दुर्गावती भारतीय ने सरस्वती वंदना का पाठ करते हुए छात्र-जीवन एवं भारतीय संस्कृति में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। हिंदी विभाग के अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. जीवन लाल चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में बसंत पंचमी के महत्व एवं निराला साहित्य पर चर्चा की।
हिंदी विभाग के व्याख्याता डॉ अमर सिंह ठाकुर ने प्रकृति पर आधारित स्वरचित कविता मैं नदी का पाठ किया। काव्य गोष्ठी में महाविद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के छात्र.छात्राओं ने भाग लिया जिसमें दुर्गेश्वरी दीवान ने सरस्वती वंदना, बोधिता निषाद ने सूरज की पहली किरण, मनोज देवांगन ने आई आई रे बसंत ऋतु आई, कल्याणी ताण्डी, कनुप्रिया साहू ने सरस्वती वंदना का पाठ किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं रिंकी, नीलेश, प्रेमलाल, ममता, रेणुका, मोनिका, रूबी, हेमंत,पद्मनी, अनिल, ताम्रध्वज, शांति आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता हिंदी अमर सिंह ठाकुर ने तथा आभार प्रदर्शन हिंदी साहित्य परिषद की अध्यक्ष कल्याणी ताण्डी ने किया।