बस्तर

12 राज्यों से पहुंचेंगे कलाकार, अभियान का द्विवार्षिक आयोजन
छत्तीसगढ़ में पहली बार नाट्य स्पर्धा में लाखों के नगद पुरस्कार जितने का मौका
सीएम को शुभारंभ के लिए दिया गया है न्यौता, एनएसडी से निर्णायक दल पहुंच रहा है बस्तर
जगदलपुर, 29 जनवरी। शहर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था अभियान द्वारा अखिल भारतीय बहुभाषी नाट्य स्पर्धा एवं लोक नृत्य उत्सव का आयोजन 11 से 14 फरवरी को किया जा रहा है। इस आयोजन में देश भर के 12 राज्यों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
पत्रकारवार्ता में संस्था के अध्यक्ष विश्वजीत भट्टाचार्य ने बताया कि अभियान के संस्थापक सदस्य एवं अंचल के प्रख्यात रंग निर्देशक स्व. सत्यजीत की स्मृति में यह 4 दिवसीय आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में किया जा रहा है।
कोषाध्यक्ष समीर सेन ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभियान 1990 से सांस्कृतिक, सामाजिक एवम रचनात्मक कार्यों में सक्रिय रही है। विगत 33 वर्षों से संस्था देश के विभिन्न हिस्सों में अपने उत्कृष्ट रंग प्रदर्शन से बस्तर व छत्तीसगढ़ के नाम के झंडे गाड़ चुकी है। संस्था 1998 से हर दो वर्ष के अंतराल में अभा स्तर का यह आयोजन करती आ रही है, यह ग्यारहवां आयोजन है।
लाखों के पुरस्कार
उन्होंने आगे बताया कि देश के किसी भी नाट्य स्पर्धा में अब तक का सबसे बड़ा नगद पुरस्कार अभियान संस्था द्वारा प्रदान किया जा रहा है। नाट्य स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार रुपए 1 लाख, द्वितीय पुरस्कार रुपए 51 हजार एवम तृतीय पुरस्कार रुपए 31 हजार विजेताओं को दिए जाएंगे। साथ ही अन्य राज्यों से आए रहे लोक नृत्य दलों को भी नगद पुरस्कार प्रदर्शन के लिए दिए जाएंगे।
एनएसडी से निर्णायक दल
देश की जाने माने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय एनएसडी से निर्णायक दल को जजमेंट के लिए बुलाया गया है, जो 10 फरवरी को जगदलपुर पहुंच रहे हैं।
शुभारंभ के लिए मिले मुख्यमंत्री से
संस्था के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस प्रवास के दौरान उनसे भेंट की और शुभारंभ अवसर पर आने का न्यौता दिया। श्री बघेल ने अपने व्यस्ततम समय में से संस्था के लिए समय निकालने और कलाकारों को आशीर्वाद देने पधारने का आश्वासन दिया है।
जनप्रतिनिधियों का साथ
जगदलपुर विधायक रेखचन्द जैन, क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार, इंद्रावती विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजीव शर्मा एवम महापौर सफिरा साहू ने इस वृहद आयोजन हेतु संस्था को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। सभी ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आ रहे कलाकारों को बस्तर में पूरा सम्मान मिलेगा।
पत्रकार संघ भी जुड़ा मीडिया पार्टनर के रूप में
बस्तर जिला पत्रकार संघ इस आयोजन में मीडिया पार्टनर के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा और पत्रकारिता संबंधी दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकार की दिशा में भी पहल करेगा।
अब तक 6 राज्यों की टीमों ने कराया पंजीयन
संस्था के अफजल अली ने बताया की अब तक 14 राज्यों की नाट्य एवम लोकनृत्य दलों से संपर्क किया जा चुका है। जिसमे से 6 राज्यों की 12 टीमों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। कुल 200 से अधिक कलाकार अपनी सुविधा से जगदलपुर पहुंच रहे हैं जिनके रुकने एवम भोजन की व्यवस्था संस्था द्वारा की जायेगी। साथ की स्थानीय लोक नृत्य दलों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि आने वाले पर्यटन दूत हमारे बस्तर की संस्कृति से भी रूबरू हो और सांस्कृतिक दूत बनकर वापस जाएं। अब तक जिन राज्यों ने सहमति दी है उनमें पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिसा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ, झारखंड मुख्य है। बांग्लादेश की टीम ने भी स्पर्धा में आने की मंशा जाहिर की है बड़ी टीम होने की वजह से वीजा के लिए उन्होंने आवेदन दिया है अगर उनके दल का प्रदर्शन यहाँ हुआ तो ये आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर का हो जाएगा।
मैत्री संघ में बनेगा नाट्य ग्राम
संस्था के कैलाश चौहान ने बताया कि आने वाले सभी दलों के कलाकारों के लिए सांस्कृतिक, साहित्यिक एवम सामाजिक संस्था मैत्री संघ ने आगे बढक़र कलाकारों के रुकने की व्यवस्था अपने परिसर में निशुल्क करने की बात कही है। मैत्री संघ को नाट्य ग्राम का रूप देकर सभी नाट्य दलों के रुकने व भोजन की व्यवस्था वहां की जाएगी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में नाट्य एवम नृत्य का प्रदर्शन 11 से 14 फरवरी को रोजाना शाम 5 बजे से किया जायेगा। साथ ही नाट्य परिचर्चा, रंगजुलुस एवं रोजाना कैंप फायर का आयोजन भी दल के कलाकारों के लिए किया जायेगा। आगंतुक कलाकारों को जिला प्रशासन के सहयोग से बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। पत्रकारवार्ता में अभियान के पूर्व अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी, वर्तमान उपाध्यक्ष महेंद्र महापात्र, सहसचिव द्वय शिवशंकर पिल्ले एवम धीरज कश्यप मौजूद थे।