सरगुजा

परिवार पैतृक निवास शंकरगढ़ गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। युवक कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के घर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोडक़र नगदी सहित जेवरातों की चोरी कर ली। यह घटना उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार अपने पैतृक निवास शंकरगढ़ गया हुआ था। घटना मणिपुर चौकी क्षेत्र के मठपारा इलाके की है। सूचना पर मणिपुर चौकी पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे हुए थे। फिलहाल पुराने जेवराती और नगदी मिलाकर लगभग 15 लाख से ज्यादा की चोरी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार युवक कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विष्णु सिंहदेव का निवास मठपारा में स्थित है। बताया गया कि 27 तारीख की रात 11 बजे विष्णु सिंह देव अपनी पत्नी और बच्ची के साथ पैतृक निवास शंकरगढ़ निकल गए थे। रविवार की दोपहर 1 बजे के लगभग सभी शंकरगढ़ से वापस मठपारा स्थित अपने निवास पहुंचे। घर पहुंचते हैं, उन्होंने देखा कि घर के अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था। मकान के निचले तल पर विष्णु सिंह देव की मां का कमरा है, जहां स्थित अलमारी का दरवाजा और लॉकर टूटा हुआ था। वहीं बाथरूम का एग्जास्ट फैन और दरवाजा भी टूटा हुआ था। विष्णु की मां के कमरे में स्थित अलमारी के लॉकर में पुराने जेवरात रखे हुए थे, लगभग 10 सोने की अंगूठी, सोने की पायल, सोने का मंगलसूत्र एक नाक गले का सेट चांदी के बर्तन, सोने का मांग टीका,कान का झुमका, के साथ-साथ कई पुरानी ज्वेलरी गायब थी। इसके साथ साथ घर में रखा लगभग एक लाख नगद रुपया भी अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। मकान मालिक ने तत्काल इसकी सूचना मणिपुर चौकी पुलिस को दी।
सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस टीम पहुंची और मकान के अंदर वह चारों ओर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। वहीं अब अज्ञात चोरों की तलाश भी सरगर्मी से शुरू कर दी गई है।