दन्तेवाड़ा

पर्यटन के विस्तार पर कार्यशाला
29-Jan-2023 9:40 PM
पर्यटन के विस्तार पर कार्यशाला

दंतेवाड़ा, 29 जनवरी । जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं पर्यटकों की रुचि को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन वेबसाइट निर्मित किया गया हैं। जिससे जिले के खूबसूरत पर्यटन क्षेत्रों से लोगों को परिचित करने के साथ ही दन्तेवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों के प्रति आकर्षण के साथ-साथ पर्यटन संबंधी जानकारी भी बढ़ेगी। इस वेबसाइट के लोगो निर्धारण के लिए जिले में मंदिर परिसर मेंंढक़ा डोबरा स्थल पर धर्मस्व एवं पर्यटन शाखा, जिला प्रशासन के द्वारा आज मुख्य अतिथि विधायक देवती महेंद्र कर्मा की उपस्थिति में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यटन की संभावनाएं, पर्यटन लोगो चयन प्रतियोगिता, पर परिचर्चा की गयी। आज एक दिवसीय कार्यशाला कार्यक्रम में निर्णायक समिति द्वारा प्रथम विजेता रहे मुन्नाराम मरकाम (आस्था विद्या मंदिर) को शील्ड व 5 हजार रूपये की राशि प्रदान की गयी। द्वितीय तथा तृतीय विजेताओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

विधायक देवती कर्मा ने अपने सम्बोधन में बचपन के अनुभवों को साझा किया और कहा कि हम सभी को मिलकर क्षेत्र को आगे बढ़ाना है। प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि के साथ आम जनता के सहयोग से अपने क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। खाद्य आयोग सदस्य एवं जिले के पर्यटन मंडल सदस्य विमल सुराना ने कहा कि पर्यटन को लेकर पहली बार जिले में लोगो बनाने का आयोजन किया गया है। अब दंतेवाड़ा को विश्व स्तर पर नयी पहचान मिलेगी।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में पर्यटन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक  रूप से अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बस्तर दशहरे के बारे में जिक्र करते हुए सीखी हुई बातें भी  साझा की उन्होंने जिले में पर्यटन क्षेत्रों के लिए किये जा रहे कार्यों और बनाई गई कार्य योजना के  बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि जिले कि पर्यटन वेबसाइट पर अब तक 22 हजार से ज्यादा लोगों ने विजिट किया है।

अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे ने अपने अनुभवों का साझा करते हुए कहा कि समय के साथ लोगों का पर्यटन के प्रति झुकाव बढ़ रहा है। इसमें सोशल मीडिया की भी अहम भूमिका है। जहां लोग इनके माध्यम से पर्यटन क्षेत्रों की ओर आकर्षित होते हैं।
परिचर्चा कार्यक्रम अंतर्गत प्रचार-प्रसार, पहुँच मार्ग, पुरातात्विक मूर्तियों के संरक्षण, पर्यटकों  के ठहरने की व्यवस्था आदि से संबंधित बातों पर चर्चा की गयी। शामिल जनमानस ने अपने-अपने विचारों को व्यक्त किया, साथ ही क्षेत्र के विकास में पर्यटन स्थलों को संरक्षित करने के सुझाव भी दिए।

ज्ञात हो कि दंतेवाड़ा जिला दंतेश्वरी मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है इसके साथ ही जिले में अन्य पर्यटन ढोलकल, बारसूर में स्थित मंदिर, सातधार, मुचनार, फुलपाड़ जैसे कई स्थल  हैं जो पर्यटकों को आकर्षित करती है। आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के लिए बनाई गयी वेबसाइट के लिए लोगो के लिए है। अब प्रशासन की पहल से पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से लोग जिले के पर्यटन क्षेत्रों को लोग 360 डिग्री कर देख सकते हैं। इस मौके पर जनप्रतिनिधिगण, समाज प्रमुख, सरपंच, अधिकारी, मीडियाकर्मी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट