दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 31 जनवरी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त मंच संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की हड़ताल जारी है।
उल्लेखनीय है कि संघ के बैनर तले आंगनबाड़ी कर्मियों ने रायपुर में धरना प्रदर्शन किया था। इसके उपरांत परियोजना मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुआकोंडा स्थित परियोजना कार्यालय के सामने सोमवार को कर्मचारियोंं ने धरना प्रदर्शन किया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए। कलेक्टर दर पर वेतन तत्काल प्रदाय हो। सहायिका व कार्यकर्ता के रिक्त पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति और कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर पद पर शत प्रतिशत पदोन्नति प्रदान किया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्राथमिक विद्यालयों में प्राथमिक शिक्षक का दर्जा एवं वेतन प्रदाय हो। मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के बराबर समान वेतन प्रदाय हो एवं क्रेश कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद पर समाहित किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 500000 एवं सहायिकाओं को 300000 की राशि सेवानिवृत्ति उपरांत एकमुश्त दिया जाए। इसके साथ ही पेंशन ग्रेच्युटी व समूह बीमा योजना लागू किया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के रिक्त पदों को तत्काल भरा जाए। कार्यकर्ताओं को इंटरनेट सुविधा हेतु राशि दी जाए। इस दौरान आंगनबाड़ी कर्मियों ने छत्तीसगढ़ शासन की वादाखिलाफी के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व सहायिकायें मौजूद थीं।