महासमुन्द

खिलाडिय़ों ने की कलेक्टर से मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 फरवरी। 12वां राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 का आयोजन मरिदाभागोल स्पोटर्स कॉम्लेक्स नडियाल, जिला खेड़ा, अहमदाबाद गुजरात में बीते 27 से 29 जनवरी तक पैरा स्पोट्र्स का आयोजन हुआ। यह आयोजन पैरा ओलम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के तत्वाधान में किया गया। जिसमें महासमुंद जिले से जिला पैरा स्पोटर्स एसोसिएशन महासमुंद तथा फॉर्चुन फाउण्डेशन समाज सेवी संस्था द्वारा संचालित फॉर्चुन नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमापटपर, बागबाहरा खुर्द 5 खिलाडिय़ों ने भाग लिया और कुल 4 स्वर्ण पदक, 1 रजत पदक एवं 1 कांस्य पदक कुल 6 पदक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ एवं जिले का नाम रौशन किया है।
विजेता खिलाडिय़ों ने कल कलेक्ट्रेट कक्ष में कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाडिय़ों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाडिय़ों को आगे भी ऐसे ही खेलते रहने और अच्छा प्रदर्शन कर जिले का नाम रौशन करने शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, जिला खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, निरंजन साहू अध्यक्ष फॉर्चून फाउण्डेशन, अमित सक्सेना उपस्थित थे।
उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि 12वां राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 का आयोजन मरिदाभागोल स्पोटर्स कॉम्लेक्स नडियाल, जिला.खेड़ा अहमदाबाद गुजरात में 27 से 29 जनवरी 2023 तक पैरा स्पोट्र्स एसोसिएशन गुजरात द्वारा एवं पैरा ओलम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के तत्वाधान में किया गया। जिसमें प्रत्येक राज्यों के राज्य स्पोट्र्स एसोसिएशन के माध्यम से चयनित पैरा खिलाड़ी सम्मिलित हुए। इस चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ पैरा स्पोट्र्स एसोसिएशन की ओर से कुल 8 खिलाडिय़ों सहित खेल संघ के सचिव डिकेश कुमार टंडन तथा कोच एवं जिला पैरा स्पोट्र्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू ने हिस्सा लिया।
महासमुंद जिले से जिला पैरा स्पोटर्स एसोसिएशन महासमुंद तथा फॉर्चुन फाउण्डेशन समाज सेवी संस्था द्वारा संचालित फॉर्चुन नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमापटपर, बागबाहरा खुर्द के5 खिलाडिय़ों ने इसमें भाग लिया। जिसमें सब-जूनियर वर्ग में सुखदेव केंवट ने 1500 मी दौंड़ में स्वर्ण पदक, 400 मी दौंड़ में स्वर्ण पदक और 100 मी दौंड़ में कांस्य पदक प्राप्त किया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में लक्की यादव ने 100 मी दौंड़ तथा 400 मी दौड़ में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में कुल 8 पदक छत्तीसगढ़ राज्य को प्राप्त हुआ जिसमें से 6 पदक महासमुंद जिला को प्राप्त हुआ। इसमें कुल 4 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक शामिल है।