गरियाबंद

मेले में आम जनता की सुविधाओं का रखा जाएगा ख्याल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 4 फरवरी। माघ पुर्णिमा से 18 फरवरी महाशिवरात्रि तक आयोजित होने वाले राजिम माघी पुन्नी मेला की अंतिम तैयारी का जायजा लेने धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शुक्रवार शाम मेला स्थल पहुंचे। इस मौके पर गरियाबंद कलेक्टर प्रभात मिलक, पुलिस अधीक्षक अमित काम्बले, जिला पंचायत सीईओ रोक्तिमा यादव व रीता यादव सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि राजिम माघी पुन्नी मेला की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। मेला को बेहतर से बेहतर बनाया जायेगा। उन्होंने विशेष निर्देश दिया है कि मेले में आम जनता को कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेला में सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पुख्ता हो। उन्होंने कहा कि लोग मेले में श्रद्धा के साथ आते है, साथ ही मनोरंजन भी करते है। अत: मेले में मनोरंजन की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाए। मंत्री श्री साहू ने मुख्य मंच, महानदी आरती स्थल, व सडक़ो का निरीक्षण तथा तैयारी को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मंच को दर्शकों की सुविधा के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्य मंच के सामने विभिन्न दीर्घा का अवलोकन किये। बैठक व्यवस्था के लिए सुझाव दिए। उन्होंने महानदी आरती के लिए आवश्यक तैयारियां करने एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात घूम घूम कर कुलेश्वर मंदिर सडक़, सरस मेला एवं स्टाल की जानकारी ली। उन्होंने दुकानदारो से भी बात की।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने तैयारियों के सम्बंध में जानकारी दी एवं सुझाव अनुसार आवश्यक परिवर्तन करने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान गृह मंत्री ने कुलेश्वर महादेव मंदिर का दर्शन कर पूजा अर्चना किए एवं प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की।
इस दौरान भाव सिंह साहू, श्रीमती पदमा दुबे, विकास तिवारी, प्रीति पांडे सहित बड़ी संख्या में आम जनता भी मौजूद थे।