धमतरी

7 गांवों को जोडऩे 7 दिनों में एसडीएम से मांगी जानकारी
05-Feb-2023 4:45 PM
7 गांवों को जोडऩे 7 दिनों में एसडीएम से मांगी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 फरवरी।
शहर में जगह की कमी के चलते अनेक विकास कार्यों का प्रस्ताव अटका हैं। राज्य शासन की ओर से जगह का अभाव बताकर इसे स्वीकृति नहीं दे रही। ऐसे में नगर निगम सीमा का विस्तार करना बेहद जरूरी है। निगम प्रशासन ने आसपास 7 गांवों को जोडऩे एसडीएम से जनसंख्या समेत मूलभूत जानकारियां मांगी है।

छत्तीसगढ़ के प्राचीन शहरों में से एक धमतरी आज विकास कार्यों की दृष्टि से काफी पिछड़ गया है। एक समय में धमतरी के समकालीन नगर रहे रायपुर और रतनपुर (बिलासपुर) विकास के मामले में आज आगे निकल गया, लेकिन धमतरी नगर निगम जस का तस है। लंबे समय से शहर का दायरा नहीं बढऩे के कारण शासन से विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में हाईटेक बस स्टैंड, गोकुल नगर, औद्योगिक नगर, ट्रांसपोर्ट नगर जैसी आकर्षक योजनाएं अब तक धरातल पर उतर नहीं सकी। धमतरी एसडीएम से हरफतराई, रत्नाबांधा, मुजगहन, अर्जुनी, रुद्री, श्यामतराई, सेहराडबरी आदि गांवों की जनसंख्या समेत अन्य मूलभूत की जानकारी मांगी गई हैं। प्रशासन ने यह जानकारी सप्ताहभर में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। जानकारी मिलते ही निगम प्रशासन इस प्रस्ताव को राज्य सरकार को भेजेगी।

142 साल पुराना है शहर
142 साल पहले नगर पालिका के रूप में धमतरी अस्तित्व में आया था। इस समय ब्रिटिश कालीन म्युनिसिपल एक्ट के तहत अधिसूचना क्रमांक 2778, वर्ष 1881 में 50 एकड़ भूमि पर हुआ था। उस समय शहर की आबादी 6,647 थी। इसके बाद 1922 में नया म्युनिसिपल एक्ट लागू हुआ। 1922 को नारायण राव मेघावाले प्रथम बार अशासकीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे।

चरणबद्ध होगा विस्तार
शहरी सीमा का विस्तार 2 चरणों में होगा। शहर के कई ऐसे वार्ड है, जिनका अधिकांश हिस्सा आज भी शहरी सीमा से बाहर है। ऐसे में बठेना, सोरिद, हटकेशर, गोकुलपुर, दानीटोला वार्ड के खार जमीन को भी सीमा विस्तार में जोड़ा जाएगा। शहरी सीमा में जुडऩे से विकास योजनाओं का काम कराने के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news