रायगढ़

रायगढ़, 5 फरवरी। गायत्री गौ सेवा साधना संस्थान बैसपाली में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में चल रहे 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में द्वितीय दिवस की शुरुआत शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे डॉ प्रमोद भटनागर के संयोजन में अंतरराष्ट्रीय संगीत टोली एवं आचार्यो के विशिष्ट संचालन में प्रात: कालीन यज्ञ के साथ हुआ। दूसरे दिन अपरान्ह 4 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी बैसपाली पहुंचे और महायज्ञ में शामिल हुए।
इस दौरान समधुर वैदिक मंत्रोच्चारण और प्रज्ञागीतों के अद्भुत संयोजन में हजारों भाइयों, बहनों, माताओं ने यज्ञदेवता को आहुतियां अर्पित किए। यज्ञशाला के साथ पूरा वातावरण देशी घी एवं हवन सामग्रियों की भीनी भीनी खुशबू से दिव्य लगने लगा।दोपहर लगभग 4 बजे मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन भूपेश बघेल अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों ताम्रध्वज साहू व अन्य मंत्रियों के साथ यज्ञशाला में पधार कर सभा को सम्बोधित किए। अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने गुरुदेव दिवंगत श्री राम शर्मा आचार्य के क्रांतिकारी साहित्यों का महत्व, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान एवं मानव में देवत्व जागरण के लिए उठाए गए गतिविधियों का विशेष उल्लेख किया।