सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 फरवरी। बीती रात पुल निर्माण में लगे सडक़ किनारे झोपड़ी में सो रहे दो मजदूरों को स्कार्पियो ने कुचल डाला। घटना अंबिकापुर से लगे लुचकी घाट की है। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद वाहन सवार वाहन छोड़ मौके से हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंची डायल 112 वाहन ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कोई साइन बोर्ड नहीं लगा था, जिससे कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के दौरान झोपड़ी में सो रहे अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर-गुमला एनएच-43 पर सडक़ निर्माण कार्य चल रहा है। ठेका निर्माण कंपनी लुचकी घाट से चेंद्रा के बीच लालमाटी में पुलिया निर्माण करा रही है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए वहीं पास में झोपड़ी की व्यवस्था है।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 2.30 बजे अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में रायगढ़ की ओर जा रही स्कार्पियो पुलिया के डायवर्सन में मुडऩे की जगह सीधे झोपड़ी में जा घुसी और वहां सो रहे दो मजदूरों को कुचल दिया।
हादसे के बाद स्कार्पियो सवार निकलकर भाग गए। अन्य मजदूरों ने ठेका कंपनी टीबीसीएल के कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल दोनों मजदूरों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जशपुर के बगीचा निवासी आनंद राम नागेश (28) को मृत घोषित कर दिया, वहीं डमरू राम (29) को गंभीर हालत में आईसीयू में दाखिल किया गया है। पुलिस ने स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।