महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6फरवरी। महासमुंद के कृषि उपज मंडी में अयोजित 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में रविवार को सांध्यकालीन सभा में चिन्मय पंड्या प्रतिकुलपति देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार का आगमन हुआ। उनका स्वागत पुष्प वर्षा से किया गया। श्री पंड्या नेे गुरुवंदना के साथ अपने उद्बोधन में कथा के माध्यम से भगवान गौतम बुद्ध के अप्प दीपो भव: के भाव पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि किसी पर निर्भर रहने के बजाय अपने दीपक आप बनें। उन्होंने परम पूज्य गुरुदेव के पदचिन्हों पर चलकर सकारात्मक युग परिवर्तन का आह्वान किया। श्री पंड्या ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए यज्ञ समिति को देवस्थापना चित्र प्रदान किया। अंत में विशाल और भव्य दीप यज्ञ पूर्णाहुति एवं आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सम्पूर्ण कार्यक्रम में लगभग 35 से 40 हजार लोगों की उपस्थिति रही। मालूम हो कि यज्ञ स्थल पर आकर्षक झांकियों का निर्माण किया गया है, जिसमें अर्धनारीश्वर, महाकाल, मां गायत्री, सजल श्रद्धा, प्रखर प्रज्ञा के अलावा यज्ञ स्थल पर चिकित्सा विभाग, सुरक्षा विभाग, जल विभाग, विद्युत विभाग के स्टॉल सहित साहित्य स्टाल बनाया गया है। रविवार को इस गायत्री महायज्ञ में शामिल होकर विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल ने पूजा-अर्चना की।
इसके पूर्व शांतिकुंज हरिद्वार से आए ऋषिपुत्रों का पुष्पहार व तिलक लगाकर स्वागत किया। गौरतलब है कि तीन फरवरी से पिटियाझर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 108 कुंडीय नवचेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।