राजनांदगांव

ठेलकाडीह के बिल्हरी गांव की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 फरवरी। माघ पूर्णिमा के अवसर पर गांव में मेला देखकर घर लौटने के बाद भोजन में चिकन की सब्जी नहीं परोसे से नाराज होकर ससुरालियों ने एक बहू की बेदम पिटाई कर दी। इस मामले को लेकर बहू ने पुलिस में आधा दर्जन ससुराल पक्ष के लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के मुताबिक ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के बिल्हरी की बिंदी सिन्हा नामक महिला ने पुलिस से अपने साथ हुए मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। 5 फरवरी को गांव में चैतूबाबा मंदिर में आयोजित मेला देखकर रात को परिवार के सदस्य भोजन करने बैठे। उस दौरान शिकायतकर्ता महिला के पति विष्णु सिन्हा सब्जी के रूप में मुर्गा लेकर घर पहुंचा। करीब 8 बजे के आसपास शिकायकर्ता महिला की सास पूर्णिमाबाई सिन्हा मुर्गा की सब्जी नहीं देने से नाराज होकर अश्लील गाली-गलौज करने लगी।
इस बात को सुनकर पूर्णिमा बाई को महिला के पति ने गाली-गलौज करने पर आपत्ति दर्ज की। इससे नाराज होकर महिला की सास ने बेटे के गाल में दो तमाचे जड़ दिए। इस कारण घर में पारिवारिक विवाद शुरू हो गया और परिवार के लगभग आधा दर्जन सदस्यों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी। जिसमें ससुर गणेश सिन्हा, जेठ टीकम सिन्हा, जेठानी सविता सिन्हा, देवर लालचंद सिन्हा व महेश सिन्हा सभी शामिल थे। शिकायकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि एक ही मकान के नीचे सभी रहते हैं, लेकिन पिछले तीन सालों से महिला अपने पति और बच्चों को लेकर अलग रहती थी। लंबे समय से घर में पारिवारिक वाद-विवाद होता था। इस बात को लेकर महिला ने सभी के विरूद्ध लिखित शिकायत की है।