राजनांदगांव

राजगामी सदस्य खंडेलवाल ने किया भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी। डोंगरगांव ब्लॉक के कासमसुर (मनेरी) में जल्द ही राजगामी संपदा की आधिपत्य वाले पड़त भूमि में नया तालाब निर्माण होगा। लंबे समय से गांव के लोग निस्तारी के लिए तालाब की आवश्यकता पर जोर दे रहे थे। राजगामी संपदा की 3 एकड़ पड़त भूमि में तालाब निर्माण की प्रशासकीय मंजूरी मिलने के बाद संपदा के सदस्य रमेश खंडेलवाल ने 6 फरवरी को भूमिपूजन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे। राजगामी की साधारण सभा की बैठक में 26 मई 2022 को तालाब निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने के लिए सभा में निर्णय लिया गया। उक्त तालाब का निर्माण मनरेगा के अंतर्गत किया जाएगा। तालाब निर्माण के लिए मनरेगा के अंतर्गत 20 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। राजगामी संपदा के भूमि पर प्रस्तावित तालाब निर्माण के लिए पूर्व में अनापत्ति प्रमाण पत्र को लेकर सार्वजनिक रूप से लोगों को जानकारी दी गई थी। तालाब निर्माण को लेकर किसी की ओर से आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। इसी के साथ मनेरी में तालाब निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया। वहीं तालाब को मत्स्य पालन एवं मत्स्याखेट हेतु राजगामी संपदा द्वारा नीलामी कर राजस्व प्राप्त किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर श्री खंडेलवाल के अलावा अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष टीकेश साहू ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में मनेरी सरपंच श्रीमती जंगतबाई पोहन साहू, जनपद सदस्य नरबदबाई, पूर्व सरपंच बरातुराम साहू, ग्राम पटेल बलराम साहू, पंच रूखमलाल साहू, टीकाराम चंद्रवंशी, उपसरपंच परवती कुमारी साहू, बबीता विश्वकर्मा, शिला डहारे, अन्नुराम साहू, पोहनदास साहू, ढालदास साहू समेत ग्रामीणजन शामिल थे।