धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 8 फरवरी। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बकाया राशि वसूलने के लिए राजस्व विभाग की ओर से सूची तैयार की गई है। नोटिस जारी करने के बाद नल कनेक्शन विच्छेद करने समेत दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों की मानें तो अब तक 19 दुकानों को सील करने के साथ ही छह नल कनेक्शन को काटा जा चुका है। ऐसे में लगातार हो रही कार्यवाही से बकायेदारों में हडक़ंप मच गया है।
शत-प्रतिशत राजस्व वसूली नहीं होने से निगम कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। अन्य कार्य भी इससे प्रभावित हो रहा है। इसे निगम आयुक्त ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने निगम के राजस्व अधिकारी और कर्मचारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली की समीक्षा किया। इसके बाद उन्होंने बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर शत-प्रतिशत वसूली करने का निर्देश दिया है। निगम से मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष-2021-22 के अलावा वर्ष-2022-23 को मिलाकर संपत्ति कर के रूप में 2 करोड़ 49 लाख 28 हजार, समेकित कर के रूप में एक करोड़ 39 लाख 36 हजार, जल कर के रूप में एक करोड़ 92 लाख 10 हजार, दुकानों का किराया करीब 85 लाख 72 हजार, यूजर चार्ज के रूप में 76 लाख 99 हजार रुपए की वसूली करना है। इस तरह कुल मिलाकर 7 करोड़ 83 लाख 97 हजार रुपए की वसूली करना है, जिसमें से अब तक की स्थिति में करीब 4 करोड़ 46 लाख रुपए की वसूली हुई है। वर्तमान में भी करीब 3 करोड़ से अधिक का राजस्व बकायेदारों की जेब है।
कार्रवाई एक नजर में
निगम के राजस्व विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की माने तो प्रथम चरण में 41 किराएदारों से दुकान का बकाया राजस्व वसूली करने के लिए सूची तैयार किया गया था, जिसमें 19 बकायेदारों से दो लाख नौ हजार रुपए की वसूली की गई है। वहीं 22 दुकानों को सील किया गया है। इसके अलावा 6 नल कनेक्शन को विच्छेद कर 10 हजार की बकाया राजस्व वसूला गया है।