राजनांदगांव

मां बम्लेश्वरी के ट्रस्ट के आदेश में दिन में ही दर्शन की इजाजत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी। डोंगरगढ़ के ऊपर पहाड़ में तेन्दुए की चहल-कदमी के चलते मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों को रात में दर्शन करने पर रोक लगा दी गई है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में तेन्दुए के लगातार प्रत्यक्ष मौजूदगी के कारण दर्शनार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर ट्रस्ट ने सिर्फ सुबह 6 से शाम 6 बजे तक ही दर्शन करने की अनुमति दी है। वहीं रात को भक्तों के दर्शन करने पर रोक लगा दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ श्री बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति के मंत्री महेन्द्र परिहार ने दर्शनार्थियों से आह्वान करते कहा कि ऊपर मां बम्लेश्वरी पहाड़ी एवं मंदिर परिसर में रात्रि के समय तेन्दुआ विचरण करते दिखाई दिया है। इस कारण ऊपर मां बम्लेश्वरी देवी जी के दर्शन सुबह 6 से शाम 6 बजे तक ही रखा गया है। शाम 6 से सुबह 6 बजे तक ऊपर मंदिर के पहुंच मार्ग को बंद कर दिया गया है। उन्होंने दर्शनार्थियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जाहिर किया है।
उधर खैरागढ़ डीएफ पुष्पलता ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि तेन्दुए की मूवमेंट पर एक विशेष टीम पहाड़ पर तैनात है। पहाड़ के जंगल और गुफाओं में छुपने के कारण तेन्दुए को पकडऩे में व्यवहारिक दिक्कतें आ रही है। इधर मंदिर ट्रस्ट ने रात के दर्शन पर पूर्णता प्रतिबंध लगा दिया है।