कोरिया

सीएम करेंगे डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण
12-Feb-2023 3:49 PM
सीएम करेंगे डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बैकुंठपुर,(कोरिया), 12 फरवरी।
कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के घड़ी चौक पर प्रदेश के प्रथम वित्तमंत्री व मप्र सरकार में लंबे समय तक सिंचाई मंत्री रहे स्व. डॉ रामचंद्र सिंहदेव जिन्हें लोग कोरिया कुमार के नाम से जानते हैं, उनकी प्रतिमा का अनावरण 13 फरवरी को जयंती पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। स्व सिंहदेव की जयंती पर है। मुख्यमंत्री के साथ छग विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में यह पहला अवसर है, जब मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ मंत्री शहर पहुंचेंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व प्रदेश के प्रथम वित्तमंत्री डॉ. रामचंद्र सिंहदेव का निधन हो गया था। उसके बाद कोरियावासियों की जनभावनाओं के अनुरूप कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के घड़ी चौक पर डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई। जिसका अनावरण डॉ रामचंद्र सिहदेव की जयंती पर किया जाएगा। जिसे लेकर जिला प्रशासन के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों के द्वारा जोरदार तैयारियां की जा रही है। मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्रियों का आगमन हो रहा है। 

लंबे इंतजार के बाद होगा अनावरण
कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के घड़ी चौक पर डॉ रामचंद्र सिंहदेव  के निधन के बाद उनकी आदमकद प्रतिमा वर्ष 2022 जुलाई में ही लगा दी गयी थी ओर प्रतिमा को ढंक दिया गया था। घड़ी चौक पर प्रतिमा लगने के बाद यह कयास लगाये जा रहे थे कि जल्द ही प्रतिमा का अनावरण कर दिया जाएगा, लेकिन  इसके लिए डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की जयंती का दिन करना था, जिस कारण प्रतिमा अनावरण के लिए छ: माह से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है और 13 फरवरी को डॉ रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण कर दिया जाएगा।  

कोरिया कुमार चौक के रूप में पहचान
वर्षों से शहर का मुख्य हृदय स्थल घड़ी चौक के नाम से जाना जाता था। इसके पूर्व घड़ी चौक संजय चौक के नाम से पहचाना जाता था, लेकिन तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष तीरथ गुप्ता के कार्यकाल में संजय चौक में विशाल घड़ी स्थापित की गई, जिसके बाद संजय चौक से घड़ी चौक के नाम से पहचाना जाने लगा और अब पूर्व वित्तमंत्री डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा स्थापित होने के साथ ही घड़ी चौक अब कोरिया कुमार चौक के नाम से जाना जाएगा, इसके लिए पूर्व परिषद के द्वारा प्रस्ताव पारित कर दिया था।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news