रायपुर

संवाद के माध्यम से बूथों को सशक्त करेगी भाजपा
18-Mar-2023 6:40 PM
संवाद के माध्यम से बूथों को सशक्त करेगी भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के महती अभियान बूथ सशक्तिकरण की शुक्रवार को शुरुआत हुई। यह अभियान पूरे प्रदेश में आगामी 27 मार्च तक जारी रहेगा। विदित रहे, भाजपा का यह बूथ सशक्तिकरण अभियान देशभर में आहूत है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व बूथ सशक्तिकरण कार्यक्रम के संयोजक विजय शर्मा ने जानकारी दी  कि बूथ सशक्तिकरण अभियान में प्रदेश में निवासरत भाजपा के राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेताओं पदाधिकारियों व सांसद विधायक सहित जनप्रतिनिधियों से लेकर मंडल इकाई तक के पदाधिकारी हरेक बूथ तक पहुंचेंगे। इस दौरान बूथ केंद्रों को सशक्त और सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं में दायित्वों का विभाजन किया जाएगा। इस पूरे अभियान में पार्टी के अल्पकालिक विस्तारक अपने-अपने बूथों में 10 दिन का पूरा समय देकर इस अभियान को पूरा करेंगे। प्रदेश के लगभग 4 हजार 4 सौ विस्तारकों ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों के साथ बूथों पर पहुंचकर अपनी कार्ययोजना पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। शुक्रवार को अभियान के पहले दिन बूथों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण का वाचन किया गया। विस्तारक इस पूरे अभियान में आम जनता से मिलकर केंद्र सरकार की योजनाओं  के हितग्राहियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान विस्तारक कार्यकर्ता बूथों में निवासरत पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से  मंत्रणा कर बूथ की स्थिति की समीक्षा करेंगे।


अन्य पोस्ट