दुर्ग

कुरुतियों को दूर करने से ही अच्छे समाज का निर्माण- ताम्रध्वज
20-Mar-2023 4:04 PM
कुरुतियों को दूर करने से ही अच्छे समाज का निर्माण- ताम्रध्वज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 20 मार्च। 
जिला स्तरीय कर्मा जयंती महोत्सव का आयोजन दुर्ग ग्रामीण तहसील के ग्राम निकुम में रविवार को आयोजित किया गया। मां कर्मा की जयंती के मौके पर साहू समाज द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिलाएं शामिल हुईं।

सामाजिक सम्मेलन समाज रत्न स्मृति सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रमुख अतिथि बिलासपुर सांसद अरुण साव,  अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष टहल साहू, विशेष अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू, पूर्व विधायक जागेश्वर साहू, हस्त शिल्प बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष दीपक ताराचंद साहू, पूर्व विधायक डॉ. दयाराम साहू, कृषि उपज मंडी दुर्ग अध्यक्ष अश्वनी साहू, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष राजेंद्र साहू सहित अन्य थे।

सामाजिक सम्मलेन एवं समाज रत्न सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में व्याप्त कुरुति और बुराई को दूर करने से ही अच्छा समाज का निर्माण हो सकता है। विवाह में लोग अब फिजूल खर्च ज्यादा कर रहे हैं। लोगों में फिजूलखर्ची करने होड़ लगी रहती है। समाज के पदाधिकारी सामाजिक चिंतन करते इन बुराइयों को दूर करने लग़ातार प्रयास कर रहे हंै। भीड़ को कभी संगठन का हिस्सा नहीं माने। बल्कि हमारे मुखिया द्वारा जो बात कही जाती है उसको मानना संगठन है। वर्तमान परिवेश में सामूहिक परिवार की परिभाषा समाप्त हो रही है। परिवार में संस्कार की शिक्षा देना जरूरी है। सामाजिक पदाधिकारियों से कहा कि अपने कार्यकाल में  एक काम ऐसा करें जिसे लोग हमेशा याद करें। वर्तमान परिवेश के अनुसार सबको चिंतन करने की आवश्यकता है।

अति विशिष्ट अतिथि बिलासपुर सांसद अरुण साव ने कहा कि दुर्ग जिला साहू संघ छत्तीसगढ़ को दिशा देने का काम करता है। साहू समाज ईमानदारी और अपनी मेहनत से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे है। साहू को कंजूस कहने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हम दानवीर भामाशाह के वंशज है। जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सब-कुछ न्यौछावर कर दिया। साहू समाज कर्मा जयंती के माध्यम से समाज के हर परिवार को एक मंच में जोडऩे का काम कर रहे हैं।

प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष टहल साहू ने कहा कि समाज में अब तालाब में चूड़ी उतारने की प्रथा एवं उनको साड़ी से लाद देने की प्रथा को समाप्त करना है। अब विधवा माता भी अपने बेटा बेटी की शादी में मौर सौंप कर उनकी खुशी में शामिल हो रही हैं। हर व्यक्ति सामाजिक मर्यादा में रहेंगे, तब एकता दिखेगा।

इसके पूर्व प्रथम सत्र में महिला सम्मेलन की मुख्य अतिथि  धमतरी विधायक रंजना साहू ने कहा कि किसी भी काम करने के लिये साहस और संकल्प की जरूरत होती है। महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा- किसी भी कार्यक्रम में सबसे ज्यादा उपस्थिति महिलाओँ की होती है। समाज में भी महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए।

महिला संयोजिका प्रदेश साहू संघ शीलू साहू ने कर्मा जयंती की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश साहू संघ द्वारा सद्भावना रैली के माध्यम से लोगो को समाज की मुख्य धारा में जोडऩे का प्रयास किया है। दहेज प्रथा को समाप्त कर आदर्श विवाह को अपनाना होगा। साहू समाज के द्वारा आदर्श विवाह की शुरुवात किया गया।

कार्यक्रम को पूर्व मंत्री रमशीला साहू, जागेश्वर साहू, दीपक ताराचंद साहू, राजेन्द्र साहू, अश्वनी साहू ने भी संबोधित किया। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष दिव्या कलिहारी ने किया। इस अवसर पर समाज के क्षेत्र में विशिष्ठ कार्य करने वालो का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news