दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा, 21 मार्च। प्रदेश की कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में छत्तीसगढ़ स्कूल मध्यान्ह भोजन रसोईया संयुक्त संघ की हड़ताल अनवरत जारी है। हड़ताल मंगलवार को दसवें दिन भी जारी रही।
जिला मुख्यालय की आवरा भाटा स्थित दुर्गा मंडप में मंगलवार को बड़ी संख्या में संघ के सदस्य जुटे। सदस्यों ने शासन की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। उल्लेखनीय है कि आश्रम और स्कूलों में कार्य करने वाले रसोईया कर्मियों को दैनिक मजदूर से भी कम परिश्रमिक मिल रहा है। जिससे आसमान छूती महंगाई में जीना दुश्वार हो चुका है।संयुक्त संघ के जिला सचिव दिनेश ठाकुर ने जानकारी में बताया कि राज्य शासन द्वारा चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूर्ण नहीं किया जा रहा है।
संघ की उचित मांगों की उपेक्षा की जा रही है। इसके फलस्वरूप हमें आंदोलन करने पर विवश होना पड़ रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुतले को 10 रुपये की माला पहनाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। जिसे सुरक्षा कारणों की वजह से नहीं किया जा सका।