दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 21 मार्च। दंतेवाड़ा में नक्सली उन्मूलन अभियान में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली। संयुक्त पुलिस दल द्वारा बुरगुम के जंगल से ईनामी नक्सली को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि जिला आरक्षी बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की समेली स्थित 111वीं वाहिनी की ए कंपनी का संयुक्त दल गश्त अभियान में सोमवार को रवाना हुआ था। इसी दौरान पुलिस दल बुरगुम के समीप पहुंचने पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसकी शिनाख्त सोना उर्फ हुंगा मरकाम (35 वर्ष) के रूप में हुई। सोना ग्राम पंचायत बुरगुम के मेटा गुड़ेम का निवासी है। उक्त व्यक्ति नक्सली संगठन में जनताना सरकार अध्यक्ष के तौर पर कार्यरत था। सोना के खिलाफ पुलिस थाना अरनपुर में विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किए गए थे। इसके फलस्वरूप राज्य शासन द्वारा उक्त नक्सली लीडर की गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का का पुरस्कार घोषित किया गया था। बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., उप महानिरीक्षक सीआरपीएफ विनय सिंह और द्वितीय कमान अधिकारी विवेक सिंह ने जवानों को बधाई दी है।