राजनांदगांव
प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन हॉकी चैम्पियनशिप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मार्च। मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए मंगलवार का दिन अच्छा नहीं रहा, जहां उसे मध्यप्रदेश के हाथों बालक व बालिका वर्ग में प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन जूनियर हॉकी चैम्पियनशिप में पराजय का सामना करना पड़ा। मैच के दौरान राजगामी संपदा न्यास के सदस्य रमेश खंडेलवाल, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी सत्यनारायण शर्मा, आयोजन सचिव फिरोज अंसारी ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दी।
अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन हॉकी चैम्पियनशिप के तीसरे दिन मेजबान के लिए अच्छा नहीं रहा। प्रात: खेले गए बालिका वर्ग के लीग राउंड के एक मैच में हॉकी मध्यप्रदेश के हाथों छत्तीसगढ़ को 11-0 गोल से पराजय का सामना करना पड़ा। मेजबान खिलाड़ी पूरे मैच के दौरान हर फील्ड में कमजोर साबित हुए। वहीं मध्यप्रदेश की बालिकाओं ने मैच के चारों ही क्वार्टर में गोल करते चले गए। पहले क्वार्टर में मध्यप्रदेश 5-0 गोल से आगे थी। दूसरे क्वार्टर में 6-0 गोल से और उत्तरार्ध के खेल में तीसरें क्वार्टर में 9-0 गोल से और चौथे क्वार्टर व मैच समाप्ति पर 11-0 गोल से मैच अपने पक्ष मेें कर लिया। मध्यप्रदेश की ओर से कप्तान भूमिक्षा साहू ने 4 गोल, खुशी कटारिया ने 3 गोल, स्वाति ने 2 गोल व प्रियंका यादव व सोनिया कुमरे ने एक-एक गोल किया।
दोपहर में खेले गए बालक वर्ग के मैच में मध्यप्रदेश ने मेजबान छत्तीसगढ़ को 4-2 गोल से पराजित किया। मैच के पहले क्वार्टर से ही दोनों ही टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे पर आक्रमण करते रहे और पहले क्वार्टर में दोनों टीम 1-1 गोल की बराबरी पर थी। दूसरे क्वार्टर में मध्यप्रदेश ने 1 और गोल करते हुए 2-1 गोल की बढ़त मध्यांतर पूर्व बना ली। उत्तरार्ध के खेल में तीसरे क्वार्टर में भी मध्यप्रदेश ने एक और गोल करते 3-1 गोल की बढ़त बना ली।