रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मार्च। मार्च के बीते 20 दिनों में प्रदेश में रिकार्ड 27.9 मिमी वर्षा हुई है,जबकि सामान्य रूप से 7.3 मिमी वर्षा होनी थी। इस प्रकार 282 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई है।
रायपुर में 14.3 मिमी वर्षा हुई,जो सामान्य वर्षा 7.8 मिमी से 84 प्रतिशत ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इस पूरे सप्ताह यानी 26 मार्च तक प्रदेश में बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा के भी आसार है।
पिछले कुछ दिनों बदले मौसम के मिजाज का असर मंगलवार को प्रदेश भर में रहा। विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश भी हुई। बादल छाने व हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली है। रायपुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे है। छूरा में 3 सेमी, बागबहरा में 2 सेमी वर्षा हुई। इनके साथ ही राजिम सहित बहुत से क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज को देखते हुए कहा जा सकता है कि अभी अधिकतम तापमान में विशेष बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व हरियाणा और उसके आसपास 3.1 किमी ऊंचाई तक है। एक द्रोणिका का अनियमित गति दक्षिण श्रीलंका से उत्तर पूर्व मध्यप्रदेश तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा के साथ ही गरज चमक के साथ छींटे पड़ेंगे।