धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 28 मार्च। देश में मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही तानाशाही नीतियों के खिलाफ लोकतंत्र की रक्षा करने सडक़ से संसद तक लड़ाई का ऐलान कांग्रेस ने कर दिया है। इसी के तहत दिल्ली के जंतर मंतर में भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित संसद घेराव में कुरूद क्षेत्र के युकांईयों ने भी गिरफ्तारी दी है।
सोमवार को युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, राष्ट्रीय महासचिव पूर्णचंद कोकोपाढ़ी, छग प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, उपाध्यक्ष मोनू अवस्थी के आह्वान पर संसद घेरने दिल्ली पहुंचे कुरुद विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवव्रत साहू, ब्लॉक अध्यक्ष डुमेश साहू, एनएसयूआई प्रदेश सचिव योगेश साहू, जिला उपाध्यक्ष लिली श्रीवास सहित देश भर के हजारों कार्यकताओं को को संसद घेराव के दौरान दिल्ली पुलिस ने बलपूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद कुरूद विस अध्यक्ष देवव्रत साहू ने कहा कि तानाशाह हुक्मरान मोदी सरकार अपने मित्र उद्योगपति अडानी को बचाने लोकतंत्र का गला घोंट रही है, लेकिन हम ये किसी कीमत पर होने नहीं देंगे।
भाजपा वाले ये न भूलें कि ये राहुल गांधी हैं माफी वीर सावरकर नहीं। गांधी परिवार ने इस देश की मिट्टी को अपने खून से सींचा है। भाजपा सत्ता का चाहे जितना दुरुप्रयोग कर ले, देशवासी इसे देख और समझ रहे हैं, लोकतंत्र को बचाने इतिहास खुद को फिर से दोहराएगा और देश की सत्ता में फिर से कांग्रेस वापस आएगी।