सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,28 मार्च। रामनवमी से दो दिन पहले नगर में भगवान राम की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शहर की सडक़ें जय श्री राम व मां महामाया के जयकारे से गुंजायमान हो गईं। जगह-जगह विभिन्न समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
विश्व हिंदू परिषद के बैनर तले राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं ने नगर में भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली। नगर के दुर्गा मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में युवाओं का सैलाब शामिल होने के लिए उमड़ पड़ा था। भगवान राम, जानकी, लक्ष्मण व हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद दुर्गा मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
गांधी चौक से होते हुए शोभायात्रा घड़ी चौक पहुंची। घड़ी चौक पर कई समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्री राम की आरती उतार स्वागत किया। इस दौरान शोभायात्रा का भव्य आतिशबाजी कर स्वागत किया गया। पूरे रास्ते पर शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।इसके बाद शोभायात्रा देवीगंज मार्ग से होते हुए महामाया चौक, महामाया मार्ग होते हुए महामाया गेट होते महामाया मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर भगवामय हो गया था। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
युवाओं में दिखा गजब का उत्साह
पूरे शोभायात्रा के दौरान युवाओं में गजब का उत्साह देखा गया जय श्री राम के नारों से पूरा शहर गूंज रहा था वही श्रीराम के उद्घोष के साथ युवा जयकारे लगाते हुए जमकर नाचते हुए दिखाई दिए। जगह जगह जहां कई समाज के लोगों ने इस शोभायात्रा का स्वागत किया वहीं स्कूली छात्रों ने भी पुष्प वर्षा कर जय श्रीराम के नारे लगाए।
राजनीति से परे सभी हुए शामिल
शोभायात्रा की अगुवाई किसी राजनीति दल से संबंधित नेताओं द्वारा नहीं किया जा रहा था। बल्कि विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर नगर सहित आसपास के युवा इसमें शामिल हुए।