महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मार्च। बीती रात चौथिया कार्यक्रम से लौट रही पिकअप ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई थी, जिसमें 2 महिलाओं की मौत के बाद 6 लोगों की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। घायल 19 लोग घायल लोगों की सेहत में सुधार की खबर है। गंभीर 6 लोगों को रायपुर अस्पताल तथा बाकी घायलों को झलप, तुमगांव व महासमुंद जिला अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पटेवा थाना प्रभारी गोपाल धुर्वे ने बताया कि झलप बागबाहरा मार्ग स्थित ग्राम तेलीबांधा से डोकरपाली चौथिया लेकर गई पिकअप क्रमांक सीजी 04 जेडी 3250 वापसी में रात 8 बजे ग्राम पचरी व नरतोरा के बीच ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 04 डीए 5770 से टकरा गई। इससे घटनास्थल पर ही 2 महिलाओं की मौत हो गई तथा 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाकी 20 लोगों को भी चोटें आई थीं।
मिली जानकारी के अनुसार के ग्राम तेलीबांधा से चौथिया बारात भरकर पिकअप वाहन ग्राम डोकरपाली गई थी। जहां से रात्रि 8 बजे वापस होते समय पचरी व नरतोरा के बीच ट्रेक्टर से भिड़ंत हो गया। जिसमें पिकअप में बैठी चौथिया बारातियों में से कौशिल्या खडिय़ा पति मन्नू उर्फ हीरालाल खडिय़ा 45 वर्ष तथा डेरहीन यादव 55 वर्ष ग्राम बरभांठा की मौत हो गई। घायलों को 112 व अन्य वाहनों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झलप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव व जिला अस्पताल लाया गया था। घायलों में जमुना प्रसाद 12 वर्ष, पुष्कर पिता भगतराम 8 वर्ष, करण पिता इंद्र 12 वर्ष, गुहा यादव 16 वर्ष, अंजली पिता विश्राम 16 वर्ष, शांति यादव पिता सोनाराम 30 वर्ष, छालिन पति सनास 59 वर्ष, कांतिबाई 32 वर्ष, सरस्वती पति नरोत्तम 35 वर्ष, शनि पिता मनोज यादव 17 वर्ष, मनोज पिता शंकर यादव 19 वर्ष, मानिक पिता नरोत्तम यादव 6 वर्ष, समर पिता देवनारायण बरिहा 8 वर्ष, श्रृष्टि पिता देवनारायण बरिहा 12 वर्ष, सोनिया पिता सुरेश 14 वर्ष, धर्मिन पति जरहा 50 वर्ष, मनटोरिया पति भरत गोड़ 50 वर्ष, योगेश्वरी खडिय़ा 15 वर्ष, सातोबाई 55 वर्ष शामिल हैं।
महासमुंद के सैकड़ों गांवों में 3 घंटे बिजली ठप रही
महासमुंद,29 मार्च। महासमुंद जिले के सैकड़ों गांवों में नगर में कल शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक विद्युत सप्लाई बाधित रही। जिससे पूरे बसना क्षेत्र में 3 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। बताया गया है कि 220 रायगढ़ विद्युत पारेषण लाइन सर्किट फेल हो गया था जिसके कारण 132 केव्ही बसना, 132 केव्ही सरायपाली 132 केव्ही सांकरा सबस्टेशन भी बाधित हो गई। तीनों 132 केव्ही सब स्टेशनों में विद्युत सप्लाइ ठप्प हो जाने के कारण इनके अधीन 11 केव्ही के दो दर्जन से अधिक स्टेशनों में बिजली बाधित रही।
इन सभी स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी फीडर में विद्युत सप्लाई बंद रहने से बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा क्षेत्र के लगभग 500 गांवों में 3 घंटे बिजली बाधित रही।