राजनांदगांव

जिला खनिज न्यास से मिली राशि का सदुपयोग कर जिले को अग्रणी जिला बनाने की दिशा में करें काम- सांसद
30-Mar-2023 3:25 PM
जिला खनिज न्यास से मिली राशि का सदुपयोग कर जिले को अग्रणी जिला बनाने की दिशा में करें काम- सांसद

खनिज न्यास संस्थान अंतर्गत स्वीकृत कार्यों पर चर्चा सह अनुमोदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मार्च।
सांसद संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खनिज संस्थान न्यास शासी परिषद की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर खुज्जी विधायक  छन्नी साहू, विधायक प्रतिनिधि लीलाराम भोजवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर डोमन सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में सांसद  संतोष पाण्डेय ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिला खनिज न्यास अंतर्गत प्राप्त राशि का सदुपयोग करते हुए जिले को अग्रणी जिला बनाने की दिशा में कार्य करना है। खनिज न्यास से प्राप्त राशि से जिले के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित तरीके से कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिला ग्रन्थालय में बायोमेट्रिक लगाएं, जिससे यहां आने वाले विद्यार्थी की पहचान के साथ ही यहां रखी पुस्तकों का भी संरक्षण हो सकेगा। उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान खनिज संस्थान न्याय अंतर्गत जिले के विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों एवं व्यय की गई राशि पर चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री सिंह ने जिला खनिज न्यास के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में प्राथमिकता के साथ न्यास के अंतर्गत प्राप्त राशि का उपयोग किया गया है। प्राप्त राशि से ग्रामीण एवं शहरी स्तर पर जरूरत के हिसाब से प्राथमिकता के साथ कार्य स्वीकृत किया गया है। बैठक में सत्र 2021-22 में स्वीकृत कार्यों पर किए गए व्यय एवं कार्यों के संबंध में चर्चा हुई। इसके साथ ही जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए निर्धारित कार्ययोजना के संबंध में अनुमोदन भी किया गया। बैठक में बताया गया कि सत्र 2022-23 अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र डोंगरगढ़ अंतर्गत स्वीकृत 26 कार्यों के लिए 1 करोड़ 43 लाख 12 हजार रूपए, राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 42 स्वीकृत कार्यों के लिए 8 करोड़ 8 लाख 73 हजार रूपए, डोंगरगांव विधानसभा अंतर्गत 21 स्वीकृत कार्यों के लिए 2 करोड़ 45 लाख 47 हजार रूपए, खुज्जी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 17 कार्यों के लिए 1 करोड़ 9 लाख 64 हजार रूपए कुल 105 कार्यों के लिए 13 करोड़ 6 लाख 96 हजार रूपए की राशि स्वीकृत किया गया हैं। स्वीकृत राशि से विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों, निर्माण कार्यों एवं प्राथमिकता के कार्यों को स्वीकृति दी गई है।

बैठक में बताया गया कि विकास के महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसमें वृक्षारोपण, सामुदायिक विकास, कुपोषण मुक्ति, शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए 1 करोड़ 15 लाख 95 हजार रूपए, स्वास्थ्य क्षेत्र में 85 लाख 90 हजार रूपए, शिक्षा क्षेत्र के लिए 1 करोड़ 20 लाख 11 हजार रूपए, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत 51 लाख 10 हजार रूपए, कृषि क्षेत्र के लिए 76 लाख 50 हजार रूपए, राशि स्वीकृत किया गया है।

आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 अंतर्गत 15 करोड़ रूपए बजट एवं कार्ययोजना का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत पेयजल के लिए 30 लाख रूपए, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के उपाय के लिए 1 करोड़ 20 लाख रूपए, स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 1 करोड़ 80 लाख रूपए, शिक्षा क्षेत्र के लिए 3 करोड़ 75 लाख रूपए, महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 90 लाख रूपए, कृषि क्षेत्र के लिए 1 करोड़ 20 लाख रूपए, कौशल विकास एवं रोजगार क्षेत्र के लिए 45 लाख रूपए, सिंचाई ऊर्जा और जल विभाजक विकास क्षेत्र के लिए 30 लाख रूपए, युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए 30 लाख रूपए, अधोसंरचना के लिए 3 करोड़ 60 लाख रूपए एवं अन्य क्षेत्र तथा आकस्मिक व्यय के लिए 1 करोड़ 20 लाख रूपए प्रस्तावित किया गया है।
 बैठक में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी मांग रखी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news