रायपुर

20 को दिल्ली में बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मार्च। विधानसभा चुनाव में कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन सामाजिक संगठनों ने टिकट वितरण में अपनी हिस्सेदारी की मांग कर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ के यादव समाज के नेताओं की केन्द्रीय मंत्री डॉ. भूपेन्द्र यादव से मुलाकात की खूब चर्चा हो रही है। डॉ. यादव ने समाज के प्रतिनिधि मंडल को 20 अप्रैल को मुलाकात का समय दिया है।
छत्तीसगढ़ में यादव समाज की आबादी पांच फीसदी के आसपास है। मगर विधानसभा में उस अनुपात में प्रतिनिधित्व कम है। वर्तमान में तीन यादव विधायक हैं। ये तीनों कांग्रेस से हैं। भाजपा से यादव समाज के एक भी विधायक नहीं हैं। जबकि यादव समाज को भाजपा का परम्परागत वोटर माना जाता है। टिकट वितरण में यादव समाज के दावेदारों को नजर अंदाज किए जाने पर धीरे-धीरे आक्रोश बढ़ रहा है। अब यादव समाज के नेता लामबंद हो गए हैं, और टिकट के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
सूत्र बताते हैं कि आरएसएस के पूर्व प्रांत प्रमुख बिसराराम यादव के साथ भाजपा से जुड़े यादव समाज के नेताओं की बैठक भी हुई थी। कुछ नेता दिल्ली भी गए थे, और केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. भूपेन्द्र यादव से मुलाकात भी की थी। इन सभी ने समाज प्रमुखों के साथ मिलने के लिए समय मांगा था। डॉ. भूपेन्द्र यादव ने उन्हें 20 अप्रैल को मुलाकात का समय दिया है। कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ यादव समाज के अध्यक्ष रमेश यदु की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल डॉ. भूपेन्द्र यादव से मिलने जाएगा।
चर्चा है कि यादव समाज के नेता भाजपा से आधा दर्जन सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं। इनमें भाटापारा, दुर्ग, साजा, बालोद, खल्लारी, और चंद्रपुर है। साजा से गजेन्द्र यादव, और बालोद से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव को दावेदार माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि यादव समाज के अध्यक्ष रमेश यदु खुद भाटापारा से चुनाव लडऩा चाहते हैं। दूसरी तरफ, गौधन न्याय योजना के आने के बाद से यादव वोटरों का रूझान कांग्रेस की तरफ बढ़ा है। ऐसे में यादव वोट बैंक पर पकड़ बरकरार रखने के लिए भाजपा के रणनीतिकार मंथन भी कर रहे हैं, लेकिन जिस अंदाज में टिकट के लिए दबाव बना है, उससे परेशान भी हैं। क्योंकि हेमचंद यादव के निधन के बाद एक भी यादव नेता पार्टी के प्रभावशाली नहीं रह गए हैं। ऐसे में यादव नेताओं को संतुष्ट करना चुनौती भी है। भाजपा के एक प्रमुख यादव नेता ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात की पुष्टि भी की है।
चर्चा है कि केन्द्रीय मंत्री डॉ. भूपेन्द्र यादव ने प्रदेश प्रभारी ओम माथुर को भी इसकी जानकारी दे दी है। डॉ. यादव भी राजस्थान के रहवासी हैं। इसके अलावा सह प्रभारी नितिन नबीन से उनकी चर्चा हुई है। माना जा रहा है कि यादव नेताओं के साथ केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात में परम्परागत वोटरों को भाजपा के पक्ष में एकजुट करने की रणनीति भी बन सकती है।