महासमुन्द

राम वाटिका का लोकार्पण, रामजानकी मंदिर में पूजा-अर्चना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 मार्च। आज गृह, लोक निर्माण, धर्मस्व व पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू महासमुंद विकासखंड के झालखम्हरिया में श्रीरामजानकी मंदिर समिति के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम एवं मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने यहां श्रीराम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि आज रामनवमी के पावन अवसर पर यह सौभाग्य है कि ग्राम झालखमरिया में राम मंदिर स्थापना के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने यहां श्रीराम वाटिका का लोकार्पण भी किया।
मंत्री श्री साहू ने कहा कि भगवान राम हम सब के आदर्श हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर सदमार्ग और सद्भाव के कार्य किए जा सकते हैं। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम झालखमरिया में स्व. भावसिंह साहू, रामगुलाम साहू और समिति के पदाधिकारियों द्वारा मंदिर की स्थापना करना अपने आप में ऐतिहासिक है। आज से 100 वर्ष पहले धर्मार्थ के जरिए सेवा संस्कार के कार्य झालखम्हरिया में किए जा रहे हैं।
संसदीय सचिव एवं स्थानीय विधायक विनोद चंद्राकर ने रामनवमी की शुभकामनाएं और बधाई दी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, रश्मि चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, सती साहू, मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष सेवक राम साहू संरक्षक डॉ. राजेंद्र साहू सदस्यगण, कुंजलाल साहू, डॉ. लखनलाल साहू, राजेश साहू, दीपक साहू, प्रकाश साहू, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं मंदिर ट्रस्ट समिति के सदस्य एवं पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं धर्म प्रेमी जनता मौजूद थे ।
तीन दिवसीय समारोह में प्रतिदिन रामायण एवं समापन समारोह में अर्जुंदा के दीपक चंद्राकरकृत लोकरंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।