दुर्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मार्च। रामनवमी पर्व गुरुवार को ट्विीनसिटी में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही राम मंदिरों व अन्य मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालू बड़ी संख्या में जुटे। मंदिरों में दिनभर भगवान राम के भजन-कीर्तन गूंजमान रहे। भजनों की धुन में नाच-गाकर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की। कई मंदिरों में भंडारा का आयोजन किया गया। महाप्रसादी ग्रहण करने श्रद्धालू बड़ी संख्या में उमड़े। रामनवमी पर्व पर दुर्ग के पंचमुखी हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दर्शन के लिए विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, राज्य मदरसा बोर्ड अध्यक्ष अलताफ अहमद, एल्डरमैन राजेश शर्मा के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि पहुंचे थे।
उन्होंने पंचमुखी हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर शहर के लोगों की खुशियाली की कामना की। तत्पश्चात वे श्रीराम चन्द्र जी के शोभायात्रा में शामिल हुए। यह शोभायात्रा पंचमुखी हनुमान मंदिर से शुरु होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे।
शोभायात्रा में कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी, भास्कर कुंडले, अनूप पाटिल, हेमंत तिवारी, बृजमोहन तिवारी, राजकुमार पाली, कन्या ढीमर के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल रामनवमी पर्व पर कसारीडीह सिविल लाईन भी पहुंचे। यहां उन्होंने रामजानकी मंदिर में पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को रामनवमी पर्व की बधाई दी।
इस दौरान रामजानकी मंदिर समिति की महिलाएं व अन्य सदस्य मौजूद थे। रामनवमी पर्व के स्वागत में युवा टीम द्वारा कसारीडीह क्षेत्र में भव्य तैयारियां की गई थी। क्षेत्र के प्रमुख सडक़ों को भगवाध्वज से सजाया गया है, वहीं बैनर-पोस्टर लगाए गए है। जिससे रामनवमी पर्व पर पूरा कसारीडीह क्षेत्र राममय हो गया है। कसारीडीह क्षेत्र के कई मंदिरों में भंडारा का आयोजन किया गया। जहां महाप्रसादी ग्रहण करने श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। इसी प्रकार गांधी चौक स्थित सीताराम पंचायती मंदिर में भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जिससे मंदिर में दिनभर भीड़भाड़़ का माहौल रहा।