बस्तर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 मई। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने राजीव भवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बलिदान को आतंकवाद विरोध दिवस के रूप में मनाया। सर्वप्रथम उनके छाया चित्र पर कांग्रेस परिवार ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
जिलाध्यक्ष/ईविप्रा उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि कुछ लोग ज़मीन पर राज करते हैं और कु्छ लोग दिलों पर। स्व राजीव गांधी एक ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने ज़मीन पर ही नहीं, बल्कि दिलों पर भी हुकूमत की। वे भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हमारे दिलों में आज भी जि़ंदा हैं।
राजीव गांधी ने उन्नीसवीं सदी में इक्कीसवीं सदी के भारत का सपना देखा था। स्वभाव से गंभीर लेकिन आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले राजीव गांधी देश को दुनिया की उच्च तकनीकों से पूर्ण करना चाहते थे।
उन्होंने देश में कई क्षेत्रों में नई पहल की, जिनमें संचार क्रांति और कम्प्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज आदि शामिल हैं। वे देश की कम्प्यूटर क्रांति के जनक के रूप में भी जाने जाते हैं। वे युवाओं के लोकप्रिय नेता थे।
महापौर सफीरा साहू, प्रदेश महामंत्री/एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने अपने विचार रखते हुए कहा कि 40 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे और दुनिया के उन युवा राजनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने सरकार की अगुवाई की है।
इस कार्यक्रम में प्रदेश/जिला/ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, सेवादल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस,एनएसयूआई सहित अन्य मोर्चा/प्रकोष्ठ/विभाग के अध्यक्ष व पदाधिकारी/समन्वय समिति/सोशल मीडिया के प्रशिक्षित सदस्यों,नगर निगम/त्रि-स्तरीय पंचायत/सहकारिता क्षेत्र के सभी निर्वाचित/मनोनीत जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कांग्रेसी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।