दुर्ग

निगम में हल्ला बोलकर भाजपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने मांगा पानी
25-May-2023 4:00 PM
निगम में हल्ला बोलकर भाजपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने मांगा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 25 मई। शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल संकट को लेकर भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान पानी दो पानी दो के नारे लगाते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में खाली मटका फोडक़र जमकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों के निगम मुख्यालय पहुंचने से विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर  आरएन वर्मा महापौर कक्ष से स्वयं बाहर आए और प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना व समस्याओं के जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया गया।

हल्ला बोल प्रदर्शन के नेतृत्वकर्ता जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा का आरोप था कि गयानगर, शक्तिनगर, रायपुर नाका, केलाबाड़ी,  कसारीडीह, कचहरी वार्ड के अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल संकट से जनता परेशान है, लेकिन नगर निगम प्रबंधन समस्याओं की अनदेखी कर सत्ता के नशे में मदमस्त है। जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। जिला भाजपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि पेयजल संकट को नगर निगम प्रशासन गंभीरता से लें और निराकरण के लिए ठोस योजना बनाकर कार्य करें। पेयजल संकट पर अब  राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि शहर की जनता समझ चुकी है कि नगर निगम के जिम्मेदारों द्वारा ठोस योजना बनाकर कार्य नहीं किया गया है। जिसकी वजह से जनता को बार-बार पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। हल्ला बोल प्रदर्शन से पहले भाजपा पार्षद दल और भाजपा नेताओं द्वारा हिंदी भवन के सामने सभा की गई। सभा में पेयजल संकट के लिए नगर निगम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए भाजपा नेताओं द्वारा जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली की जमकर आलोचना की गई। सभा उपरांत भाजपा नेता व कार्यकर्ता हिंदी भवन के पास से रैली की शक्ल में नारेबाजी करते हुए नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर हल्ला बोल कर अपना आक्रोश जताया।

प्रदर्शन में जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, पूर्व पार्षद दिनेश देवांगन, पार्षद नरेंद्र बंजारे, ओमप्रकाश सेन, देवनारायण चंद्राकर, शिवेंद्र सिंह परिहार, अरुण सिंह, नरेश तेजवानी, शेखर चंद्राकर, काशीराम कोसरे, अजीत वैद, मनीष साहू, गायत्री वर्मा, लीना दिनेश देवांगन, हेमा शर्मा, कविता टांडी, जिला भाजयुमो अध्यक्ष जीत यादव, नितेश साहू, नारायण दत्त तिवारी, राजा महोबिया, पूर्व पार्षद देवनारायण टांडी, मनमोहन शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान निगम मुख्यालय में सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही वहीं भाजपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं के हल्ला बोल प्रदर्शन के मद्देनजर कांग्रेस पार्षद व नेता भी  निगम मुख्यालय में जुटे रहे। निगम के एमआईसी सदस्य संजय कोहले, मनदीप सिंह भाटिया अन्य कांग्रेस नेता प्रदर्शन पर बराबर नजर बनाए हुए थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news