धमतरी

जिले में जल संरक्षण की दिशा में चल रहे कार्यों का भारत सरकार, जल शक्ति अभियान के नोडल अफसरों ने लिया जायजा
26-May-2023 3:53 PM
जिले में जल संरक्षण की दिशा में चल रहे कार्यों का भारत सरकार, जल शक्ति अभियान के नोडल अफसरों ने लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 25 मई। भारत सरकार, जल संसाधन, जल शक्ति मंत्रालय के नोडल अधिकारी आशीष कुमार गुप्ता और मानसी भट्टाचार्य ने गुरूवार को धमतरी प्रवास के दौरान जिले के सोरम, संबलपुर, सेहराडबरी में जल संरक्षण हेतु किये जा रहे कार्यों का सघन दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने सबसे पहले सोरम स्थित नर्सरी का अवलोकन किया। वहां लगाये गये पौधे, क्षेत्रफल, पौधे लगाने की अवधि एवं पौधों से फल प्राप्त होने वाले समय की जानकारी ली। साथ ही महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके द्वारा की जा रही मिश्रित फलदार पौधरोपण के बारे में भी जानकारी ली। मौके पर उपस्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोक्तिमा यादव ने बताया कि इस मिश्रित फलदार नर्सरी में ग्राम सोरम की दो महिला स्व सहायता समूह श्री गणेशाय नम: और जय मांग दुर्गा समूह की कुल 26 महिलाएं कार्य कर रहीं हैं। दस एकड़ क्षेत्र में फैली इस नर्सरी में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से 2750 पौधे लगाए गए है।

 अधिकारियों से चर्चा के दौरान समूह की महिला श्रीमती दमयंती ने बताया कि गांव की महिलायें समूह बनाकर यहां नर्सरी में काम कर रही है। नर्सरी में नींबू, आम, बेर कटहल, अमरूद की मिश्रित पौधे लगाये है। इसके साथ ही वे फूलों की भी खेती कर रही है, वर्तमान में रजनीगंधा के पौधे लगाये गये है। श्रीमती दमयंती ने बताया कि नर्सरी में पानी नहीं होने के कारण वे सोलर पंप का उपयोग कर पानी की आपूर्ति कर रहीं है। साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम में छाया की व्यवस्था की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती यादव ने वर्किग शेड निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियो को दिये।

नोडल अधिकारी श्री गुप्ता ने संबलपुर में जलवाहिनी की दीदियों से की चर्चा

 नोडल अधिकारी आशीष कुमार गुप्ता और मानसी भट्टाचार्य ने आज संबलपुर गांव के ग्राम पंचायत भवन में जलवाहिनी दीदियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने गांव में उपलब्ध जल स्त्रोतो व उनके जल स्तर के बारे में जानकारी ली। श्री गुप्ता ने जलवाहिनी दीदियों के समक्ष जल में आयरन की उपलब्धता का परीक्षण कराया व परीक्षण में उपयोग आने वाले रसायनों एवं सामग्रियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जल वाहिनी दीदियों से कार्य के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में भी पूछा।

जिले में जल संरक्षण हेतु ग्राम पंचायत संबलपुर और सेहराडबरी में निर्मित अमृत सरोवरों का अधिकारियों ने मुआयना किया। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक योजना यह भी है। इसका क्रियान्वयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हो, इस बात का ध्यान अधिकारी रखें। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की लागत, प्राप्त मानव दिवस, अमृत सरोवर का क्षेत्रफल, जलभराव आदि की जानकारी ली। मौके पर उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबलपुर के अमृत सरोवर का निर्माण 11 लाख 86 हजार रूपये की लागत से मनरेगा के तहत किया जा रहा है।

श्री गुप्ता ने अमृत सरोवर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने पर बल दिया। अधिकारियों ने अपने प्रवास के अंत में रूद्री स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया तथा उसके कार्यप्रणाली से अवगत हुए। साथ ही उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जल संसाधन, उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news