राजनांदगांव

महापौर ने म्युनिसिपल स्कूल मैदान में लॉन घास लगाने किया भूमिपूजन
27-May-2023 3:18 PM
महापौर ने म्युनिसिपल स्कूल मैदान में लॉन घास लगाने किया भूमिपूजन

31 लाख 96 हजार की लागत से लगाया जा रहा लॉन घास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मई।
महापौर हेमा देशमुख ने शासकीय सर्वेश्वर दास स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय राजनांदगांव के खेल मैदान में लॉन घास लगाने के लिए भूमिपूजन किया। इस अवसर पर  पार्षद कुलबीर सिंह छाबड़ा, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सतीश मसीह, संतोष पिल्ले, भागचंद साहू, दुलारीबाई साहू, गणेश पवार, शरद पटेल, सचिन टुरहाटे, छत्तीसगढ़ प्रदेश हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी उपस्थिति रहे। 

महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शासकीय सर्वेश्वरदास स्कूल  मैदान में लॉन घास लगाया जा रहा है। इससे खिलाडिय़ों को खेलने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस मैदान में पहले अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के साथ- साथ अनेक बड़े खेल प्रतियोगिता आयोजित हुए हैं। आज भी यहां विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निजी स्कूलों की तर्ज पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मध्यम वर्ग के बच्चों के शिक्षा के लिए खोला है और यह स्कूल सर्वेश्वरदास स्कूल में संचालित हो रहा है। यहां के विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों के लिए उनकी सोच के अनुरूप लॉन घास लगाकर स्कूल मैदान का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। पार्षद कुलबीर सिंह छाबड़ा ने आभार जताते जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते कहा कि लॉन घास लगने से मैदान का जीर्णोद्धार होगा। वहीं स्कूली बच्चों के साथ-साथ खिलाडिय़ों में उत्साह का संचार होगा। 

उल्लेखनीय है कि शहर के म्युनिसिपल स्कूल खेल मैदान का अब कायाकल्प होगा। अब वहां लॉन घास की हरीतिमा से शोभा बढ़ेगी और स्कूल के बच्चों को खेलने एवं अन्य गतिविधियों के लिए उम्दा स्थान मिलेगा। कलेक्टर एवं अध्यक्ष प्रबंध कारिणी समिति श्री डोमन सिंह ने जिला खनिज संस्थान न्यास डीएमएफ से म्यूनिस्पल स्कूल खेल मैदान में लॉन घास कार्य के लिए 31 लाख 96 हजार रुपए  की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। 

कलेक्टर सिंह की पहल पर म्युनिसिपल स्कूल खेल मैदान में लॉन घास लगाया जा रहा है, ताकि यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ ही एक अच्छा माहौल मिले। बच्चों को धूल भरे वातावरण से मुक्ति मिलेगी। कलेक्टर ने इस कार्य के लिए उद्यानिकी विभाग को कार्य एजेंसी बनाया है। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को यह कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके शुभारंभ के साथ ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा। 

कार्यक्रम में उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के सहायक संचालक राजेश सहित विभाग के लोगों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news