धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 मई। मेरा गौठान, मेरा अभिमान गौ सेवा पखवाड़ा के तहत कुरूद विधानसभा के सभी ब्लाकों में युवा कांग्रेस द्वारा विभिन्न पंचायतों में जाकर गौठान समिति के लोगों से भेंट मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही युकां भाजपा के पोल खोलो अभियान की धार भोथरी करने में जुटी है।
कुरुद ब्लॉक में इस अभियान के तहत विस अध्यक्ष देवव्रत साहू के नेतृत्व में युकांइयों की टीम विभिन्न पंचायतों में जाकर गौठान समिति से जुड़े लोगों का सम्मान कर रही है। ग्राम पंचायत संकरी की महिला समूह अध्यक्ष कृति सेन ने उन्हें बताया कि गत वर्ष हमने 11 सौ बोरी खाद की विक्रय किया था, इस वर्ष 1500 बोरी खाद तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। गौठान से जुडक़र महिला समूह को अच्छा लाभ हो रहा है।
अटंग के गौठान में युकां नेताओं ने चरवाहे गोवर्धन यादव का श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। यहां स्वसहायता समूह अध्यक्ष ज्योति साहू ने बताया कि पिछले साल हमने कम्पोस्ट खाद एवं केंचुआ विक्रय कर 1 लाख 80 हजार रुपए का शुद्ध लाभ कमाया है, इस बार भी सभी महिलाएं जैविक खाद तैयार करने में जुटी हैं। शुक्रवार को बगदेही पहुंचे कांग्रेसी नेताओं को महिलाओं ने बताया कि गौठान में विभिन्न गतिविधियों से जुडक़र हम स्वावलंबन की डगर पर आगे बढ़ रही हैं।
शनिवार को भखारा क्षेत्र के कोलियारी गौठान में युकांईयों ने कम्पोस्ट खाद तैयार करने की विधि और रोजगार परक दूसरे कार्यों की जानकारी ली। इस बारे में युवा कांग्रेस धमतरी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी ने बताया कि गौमाता के सहारे वोट की राजनीति करने वाली भाजपा शायद यह भूल रही है कि संघ परिवार ने गौसेवा के लिए भूपेश सरकार की तारीफ की है, मुद्दाविहिन भाजपाई सामने चुनाव देख गौठान की गड़बड़ी और गाय की पूंछ पकड़ चुनावी वैतरणी पार लगाने की सोच रहे हैं।
विस युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवव्रत साहू ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजना नरवा, गरुवा, घुरुवा बाड़ी के तहत् किसानों को सोसायटी के माध्यम से आर्गेनिक खाद उपलब्ध करा जैविक खेती को आगे बढ़ावा देने का काम कर रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
कुरुद ब्लाक युकांध्यक्ष डुमेश साहू ने भाजपा के गौठान निरक्षण को राजनीतिक स्टंट बताते हुए कहा कि विपक्ष का हर कदम गरीब मजदूर किसान और महिलाओं के खिलाफ है। क्षेत्रिय विधायक ने पहले कर्ज माफी का मज़ाक उड़ाया फिर बीस क्विंटल धान खरीदी को लेकर सवाल उठाए, अब गौठानों में जाकर सरपंच एवं महिलाओं को परेशान करने का काम कर रहे हैं।
भखारा ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजु साहू का कहना है कि 15 साल के रमणराज में गौ सेवा के नाम पर अपने चहेते लोगों की गौशाला में करोड़ों का अनुदान देकर घोटाला करने वाले भाजपा नेता अब रतनजोत से तेल निकालने की बात भूल गौठान के बारे में भ्रामक प्रचार कर पशुपालक, किसानों एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। इस बार के चुनाव में छत्तीसगढिय़ा मतदाता इनको अच्छे से सबक सिखाएंगे।